घटती व्यूअरशिप से भी पाकिस्तान नहीं ले रहा सबक, फिर से IPL के साथ होगा PSL का आयोजन

जब से मोहसिन नकवी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की कमान संभाली है, उनका सिर्फ एक ही लक्ष्य नजर आ रहा है- भारतीय क्रिकेट के साथ पंगा लेगा. चैंपियंस ट्रॉफी हो या टी20 वर्ल्ड कप या एशिया कप, कभी अपने बयानों और कभी अपनी हरकतों से मोहसिन नकवी लगातार ताकतवर BCCI से पंगा लेने की कोशिश करते रहे हैं.

यही कोशिश वो पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के जरिए भी कर रहे हैं और इसलिए इस बार भी लीग के नए सीजन का आयोजन वो IPL 2027 के साथ ही कर रहे हैं.

पाकिस्तानी बोर्ड की टी20 लीग PSL के अगले सीजन की तारीखों का ऐलान हो गया है. PCB ने गुरुवार 8 अक्टूबर को बताया कि लीग के 12वें सीजन का आयोजन 18 मार्च से 2 मई 2027 तक होगा. इस तरह लगातार तीसरा सीजन है, जब PSL का आयोजन मार्च से अप्रैल की विंडो में हो रहा है. पिछले दो सीजन में इसकी एक वजह ICC टूर्नामेंट (चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और टी20 वर्ल्ड कप 2026) को बताया जा रहा था लेकिन इस बार ऐसा कुछ नहीं है.

आपको बता दें कि मार्च अंत से लेकर मई अंत तक की विंडो में हमेशा से IPL का आयोजन होता है, जो दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग है. ज्यादातर बड़े विदेशी खिलाड़ी इसी लीग को प्राथमिकता देते हैं. पिछले सीजन में इसका असर दिखा था, जब कुछ खिलाड़ियों ने PSL ऑक्शन में चुने जाने के बावजूद IPL में मौका मिलते ही ऑफर को स्वीकार कर लिया था. ऐसे में PSL को स्टार खिलाड़ियों के बिना ही रहना पड़ा था. साथ ही पिछले सीजन में लीग की व्यूअरशिप में करीब 45 फीसदी की गिरावट दिखी थी.

इसके बावजूद पाकिस्तानी बोर्ड IPL के साथ ही PSL का आयोजन कर रहा है. आम तौर पर PSL हमेशा ही फरवरी-मार्च में आयोजित होती रही है. मगर रिपोर्ट्स के मुताबिक, PSL की सभी 8 फ्रेंचाइजी ने इसके खिलाफ आवाज उठाई और इसकी वजह जनवरी-फरवरी का सर्द मौसम और साथ ही प्रदूषण-कोहरे के कारण खराब विजिबिलिटी को बताया गया है. हालांकि, टूर्नामेंट के प्रसारण अधिकार खरीदने वाली कंपनी इस फैसले से खुश नहीं है क्योंकि उसका मानना है कि रमजान के बाद विज्ञापनों में काफी कमी आ जाती है, जिसका असर उसकी कमाई पर पड़ता है.

Leave a Comment