IND vs NZ: टीम इंडिया को बड़ा झटका, चोटिल होकर लंबे समय के लिए मैदान से बाहर हुआ ये खिलाड़ी, कब होगी वापसी?

IND vs NZ: टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद न्यूजीलैंड का दौरा करना है, जहां तीनों फॉर्मेट में सीरीज खेली जानी है. इस दौरे से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है.

30 साल के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा बाएं हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते कम से कम तीन हफ्तों के लिए क्रिकेट के मैदान से दूर हो गए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 4 नवंबर से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में उनका खेलना अब मुश्किल नजर आ रहा है.

वेस्टइंडीज के खिलाफ लगी चोट

प्रसिद्ध कृष्णा को यह चोट वेस्टइंडीज के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले के दौरान लगी थी. उस मैच में वो विंडीज पारी के 31वें ओवर में मैदान छोड़कर बाहर चले गए थे और सिर्फ पांच ओवर ही फेंक सके थे. इसके चलते वो न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे से भी बाहर रहे थे.चोट से उबरने और रिहैबिलिटेशन शुरू करने के लिए प्रसिद्ध कृष्णा बीसीसीआई के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) पहुंच चुके हैं.

मेडिकल टीम के मुताबिक, उन्हें पूरी तरह फिट होने में लगभग तीन सप्ताह का समय लगेगा. इसके बाद चौथे सप्ताह से वो पूरी रफ्तार के साथ गेंदबाजी प्रैक्टिस शुरू कर सकेंगे. रिकवरी की इस समय-सीमा को देखते हुए टीम मैनेजमेंट उनके साथ किसी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहता, जिसके चलते न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से उन्हें आराम दिया जाना तय माना जा रहा है.

टेस्ट सीरीज से हो सकती है वापसी

चोट का असर उनके घरेलू और टेस्ट क्रिकेट के शेड्यूल पर भी पड़ा है. 11 अक्टूबर से शुरू हो रही रणजी ट्रॉफी के पहले राउंड के मुकाबले में वो कर्नाटक के लिए नहीं खेल पाएंगे, जहां कर्नाटक की टीम को विजयवाड़ा में आंध्र प्रदेश का सामना करना है. हालांकि, राहत की बात यह है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज 19 नवंबर से शुरू होगी, जिसमें अभी एक महीने से ज्यादा का समय बचा है. टीम मैनेजमेंट का फोकस उन्हें टेस्ट मैचों के लिए पूरी तरह तरोताजा और मैच-फिट रखने पर है.

Leave a Comment