Kainat Imtiaz retires from internationals: पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी तेज गेंदबाज कायनात इम्तियाज ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. 13 सालों तक पाकिस्तान के लिए खेलने के बाद 32 साल की कायनात ने अब मैच रेफरी के रूप में अपने नए करियर की शुरुआत करने का फैसला किया है.
हाल ही में उन्होंने कराची में आयोजित पीसीबी नेशनल विमेंस अंडर-19 टी20 टूर्नामेंट में मैच रेफरी की भूमिका निभाकर इस नई पारी का आगाज भी कर दिया है.
मां के नक्शेकदम पर मैच अधिकारी बनने का सफर
कायनात का मैच रेफरी बनने का फैसला उनकी मां से जोड़कर देखा जा रहा है. उनकी मां सलीमा इम्तियाज आईसीसी (ICC) के इंटरनेशनल डेवलपमेंट पैनल में शामिल होने वाली पाकिस्तान की पहली महिला अंपायर हैं. सलीमा अब तक 9 महिला वनडे और 69 महिला टी20 मैचों में अंपायरिंग कर चुकी हैं. अब कायनात इम्तियाज भी मैच रेफरी के रूप में आए बढ़ रही हैं. कायनात ने पाकिस्तान के लिए अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच साल 2023 में खेला था.
क्रिकेट से दूर रहने के दौरान कायनात ने टीवी ब्रॉडकास्टिंग, प्रेजेंटिंग और कमेंट्री में भी हाथ आजमाया था. वहीं, संन्यास के बाद वa पाकिस्तान की दूसरी ऐसी पूर्व महिला क्रिकेटर बन गई हैं, जिन्होंने हाल के दिनों में मैच रेफरी बनने का रास्ता चुना है. उनसे पहले अगस्त में तेज गेंदबाज आइमन अनवर ने भी अपने इंटरनेशनल करियर को विराम देकर मैच अधिकारी बनने का फैसला लिया था.
दो बार एशियन गेम्स में जीत चुकी हैं गोल्ड मेडल
कायनात इम्तियाज पाकिस्तान की उस स्वर्णिम टीम का हिस्सा रही हैं, जिसने एशियन गेम्स में इतिहास रचा था. वो साल 2010 और 2014 के एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली पाकिस्तानी महिला टीम का हिस्सा थीं. इसके अलावा उन्होंने 2017 वनडे वर्ल्ड कप और बर्मिंघम में आयोजित 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में भी पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया था.
कायनात ने अक्टूबर 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 मैच से इंटरनेशनल डेब्यू किया था. अगले ही साल उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ फतुल्लाह में अपना पहला वनडे खेला. वनडे करियर में उन्होंने 19 वनडे मैचों में 10 विकेट चटकाए. वहीं, 21 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 5.82 की किफायती इकॉनमी रेट के साथ 8 विकेट झटके. उन्होंने पाकिस्तान के लिए अपना आखिरी वनडे मुकाबला जनवरी 2023 में ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था, वहीं उनका आखिरी टी20 मैच 2022 महिला एशिया कप में थाईलैंड के खिलाफ सिलहट में आया था.