IPL 2027: आईपीएल में पर्पल कैप जीत चुका खिलाड़ी बनेगा सीएसके का बॉलिंग कोच, जहीर खान ने की नाम की सिफारिश

नई दिल्ली: आईपीएल 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के सपोर्ट स्टाफ में बड़े बदलाव हो रहे हैं। हाल में ही जहीर खान को स्टीफन फ्लेमिंग की जगह टीम का हेड कोच बनाया गया है। अब चेन्नई सुपर किंग्स ने अगले आईपीएळ सीजन के लिए अपने सपोर्ट स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है।

जहीर खान ने की मोहित शर्मा की सिफारिश

सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने मोहित शर्मा की नियुक्ति की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उनके नाम की सिफारिश टीम के हेड कोच जहीर खान ने की थी। मोहित एरिक सिमंस की जगह बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार काशी विश्वनाथन ने कहा, ‘मोहित हमारे नए बॉलिंग कोच के तौर पर सीसके से जुड़ेंगे। उनके नाम की सिफारिश हमारे हेड कोच जहीर खान ने की थी। एक खिलाड़ी के तौर पर भी मोहित का प्रदर्शन हमारे साथ शानदार रहा था और हमें उम्मीद है कि बॉलिंग कोच के तौर पर भी वह बेहतरीन काम करेंगे।’

मोहित सीएसके के लिए पर्पल कैच जीत चुके

मोहित शर्मा का सीएसके के साथ पुराना कनेक्शन है। वह टीम के लिए दो अलग-अलग हिस्सों में चार सीजन खेल चुके हैं। आईपीएल में उन्होंने 120 मैचों में 134 विकेट लिए हैं। 2014 का सीजन उनके करियर का सबसे खास रहा, जब सीएसके की ओर से खेलते हुए उन्होंने 23 विकेट लिए और पर्पल कैप अपने नाम की थी। इसके बाद गुजरात टाइटंस के लिए भी मोहित का प्रदर्शन शानदार रहा। जीटी के लिए दो सीजन में उन्होंने 41 विकेट हासिल किए। अपनी सटीक गेंदबाजी और अलग-अलग वैरिएशन के कारण वह टीम के अहम गेंदबाज बने थे।

भारत के लिए भी खेल चुके हैं मोहित शर्मा

मोहित शर्मा ने भारत के लिए 26 वनडे और 8 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उनके नाम वनडे में 31 और टी20 इंटरनेशनल में 6 विकेट हैं। 2015 वर्ल्ड कप में एमएस धोनी की कप्तानी वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे मोहित टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज थे। 38 साल के मोहित ने पिछले साल दिसंबर में प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था।

Leave a Comment