Asian Games 2026: देश की टॉप महिला धावक हरिता भद्रा ने जापान में शानदार कारनामा कर दिखाया है. उन्होंने महिलाओं की 200 मीटर फाइनल रेस में दमदार दौड़ लगाते हुए ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया.
इस रेस में उन्होंने 23.20 सेकेंड का टाइम निकाला. इस इवेंट में गोल्ड मेडल सिंगापुर की शांति परेरा के नाम रहा, जिन्होंने 22.78 सेकेंड में रेस पूरी की. वहीं चीन की चेन युजी ने 22.93 सेकेंड के साथ सिल्वर मेडल जीता.
कहां की रहने वाली हैं हरिता?
हरिता भद्रा का जन्म 6 जून 2003 को महाराष्ट्र में हुआ था और वह नवी मुंबई से ताल्लुक रखती हैं. अभी उनकी उम्र 23 साल है. उन्हें बचपन से ही स्पोर्ट्स का काफी शौक था, इसी शौक को उन्होंने अपने करियर में बदल लिया. उनकी सबसे बड़ी ताकत उनका अनुशासन, मेहनत और कभी हार न मानने वाली सोच है. इसी वजह से वह लगातार आगे बढ़ रही हैं और देश का नाम रोशन कर रही हैं.
100 मीटर में भी दिखा चुकी हैं दम
हरिता ने ट्रैक पर अपनी एक अलग पहचान बना ली है. उन्होंने दिल्ली में हुई इंडियन एथलेटिक्स सीरीज में 100 मीटर की दौड़ सिर्फ 11.22 सेकेंड में पूरी की थी. इस टाइमिंग के साथ वह भारत की दूसरी सबसे तेज महिला स्प्रिंटर बन गई हैं. ये सिर्फ उनके लिए नहीं बल्कि पूरे भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक बड़ा रिकॉर्ड माना जाता है.
ट्रैक के साथ-साथ बिजनेस में भी हैं एक्टिव
हरिता सिर्फ एक एथलीट ही नहीं हैं, वह एक बिजनेस वुमन भी हैं. वह खुद का हैंडमेड ज्वैलरी ब्रांड चलाती हैं जिसका नाम ‘दगिना’ है. उनका ये ब्रांड लोगों में काफी पसंद किया जा रहा है. एक तरफ प्रोफेशनल एथलीट के तौर पर प्रैक्टिस और दूसरी तरफ बिजनेस को मैनेज करना, ये दिखाता है कि वह कितनी टैलेंटेड और मल्टीटास्किंग हैं.
टेनिस स्टार राफेल नडाल हैं उनके रोल मॉडल
हरिता किसी और को नहीं बल्कि टेनिस के सुपरस्टार राफेल नडाल को अपना आइडल मानती हैं. उन्हें नडाल की फाइटिंग स्पिरिट, हार न मानने की आदत, उनका डिसिप्लिन और लगातार टॉप लेवल पर बने रहना बहुत इंस्पायर करता है. कई बार इंटरव्यू में वह नडाल की तारीफ भी कर चुकी हैं. उनका कहना है कि नडाल के गेम और उनकी पर्सनालिटी से उन्हें काफी मोटिवेशन मिलता है.