आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 में एक साल से भी कम समय बचा है, ऐसे में भारत के हेड कोच गौतम गंभीर दक्षिण अफ्रीका में होने वाले टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह फिट टीम तैयार करने पर ध्यान दे रहे हैं।
हार्दिक पिछले साल की आईसीसी मेन्स चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से वनडे टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं, चोट के कारण वह पिछला 50-ओवर का वर्ल्ड कप भी नहीं खेल पाए थे। यह ऑलराउंडर वेस्टइंडीज के ख़िलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में नहीं खेल पाएगा, हालांकि उम्मीद है कि वह पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के दौरान इंडिया ए टीम में वापसी करेगा।
हार्दिक-बुमराह अहम खिलाड़ी होंगे
भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने जियो हॉटस्टार पर एक इंटरव्यू में कहा, “आप वर्ल्ड कप में आधी-अधूरी तैयारी के साथ नहीं जा सकते। चाहे हार्दिक हों या जसप्रीत बुमराह, वे (दक्षिण) अफ्रीका में हमारे लिए बहुत अहम होंगे।”
गंभीर ने कहा, “बहुत कम टीमों के पास (हार्दिक जैसे) ऐसे खिलाड़ी होते हैं जो दस ओवर गेंदबाजी कर सकें और नंबर 6 या नंबर 7 पर आकर इतने असरदार तरीके से रन बना सकें। इसलिए हमारा फोकस – खासकर हार्दिक पर, जिन्हें गेम टाइम की भी जरूरत है। आईपीएल के बाद से उन्होंने ज़्यादा क्रिकेट नहीं खेला है। अगर हम 50-ओवर के क्रिकेट की बात करें, तो अगर हम उन्हें खिलाना चाहते हैं, तो हो सकता है कि उन्हें मैच प्रैक्टिस की कमी हो। इसलिए आपके पास काफी गेम टाइम होना चाहिए और आपकी रिदम अच्छी होनी चाहिए, क्योंकि वर्ल्ड कप में ‘अगर-मगर’ की कोई गुंजाइश नहीं होती। गलती करने का कोई मौका नहीं होता।”
आईसीसी के अनुसार, गंभीर ने जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड को मैनेज करने की जरूरत पर भी जोर दिया, जो अभी जापान में चल रहे एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम के साथ हैं। “जस्सी के मामले में भी यही बात है। उनके साथ भी सोच यही है कि हम उनसे कितना वनडे क्रिकेट खिलवा सकते हैं। इसके अलावा, टेस्ट क्रिकेट भी उतना ही जरूरी है। इसलिए, यह तय करना बहुत जरूरी होगा कि कितना वर्कलोड और गेम टाइम सही रहेगा।”
गंभीर ने न्यूजीलैंड का स्पष्ट रूप से उल्लेख नहीं किया, लेकिन लंबे दौरे का कार्यक्रम ऐसा है कि भारत 19 नवंबर से वेलिंगटन में पहला टेस्ट खेलेगा जो न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम वनडे के केवल तीन दिन बाद ही होगा। इस लंबे दौरे में अलग-अलग प्रारूपों में कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे।
भारत के घरेलू सत्र से पहले ‘जियो स्टार’ से बात करते हुए गंभीर ने कहा, ”अक्सर टेस्ट मैच की तैयारी के लिए आपको अपने बल्लेबाजों को सफेद गेंद के क्रिकेट से भी ब्रेक देना पड़ता है, ताकि वे टेस्ट क्रिकेट के लिए बदलाव कर सकें, क्योंकि टी20 से वनडे क्रिकेट में आना आसान होता है। ”