वेस्टइंडीज के क्रिकेट खिलाड़ी अकसर अपनी टीम के मैच खेलने के बजाए दुनियाभर की लीग में खेलते नजर आते हैं. वेस्टइंडीज बोर्ड इससे काफी परेशान रहा है और अब इस बोर्ड ने एक फैसला लिया है जिससे उसके खिलाड़ी टी20 लीग में अब और ज्यादा खेलते नजर आएंगे.
दरअसल वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने पुरुष टीम के खिलाड़ियों की सैलरी में कटौती का ऐलान किया है. विंडीज बोर्ड ने बताया कि आर्थिक नुकसान की वजह से वो आने वाले कॉन्ट्रैक्ट मे खिलाड़ियों की सैलरी 25 फीसदी कम करेगा.
वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को बड़ा झटका
क्रिकेट बोर्ड का सैलरी कटौती का फैसला अक्टूबर 2026 से सितंबर 2027 तक लागू होगा. हालांकि इंटरनेशनल क्रिकेटर्स को कॉन्ट्रैक्ट एक साल के लिए ही मिलेगा. हालांकि घरेलू क्रिकेटरों का कॉन्ट्रैक्ट 12 महीने से घटाकर 7 महीने कर दिया गया है. क्रिकेट वेस्टइंडीज ने जानकारी दी है कि उसे 2025 में लगभग 200 करोड़ का नुकसान हुआ है जिसके बाद उसे खिलाड़ियों की सैलरी काटने का फैसला लेने पड़ा है. वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने सिर्फ ैलरी कटौती ही नहीं की है बल्कि उसने अपने खर्चे बचाने के लिए मेंस सुपर 50 टूर्नामेंट और महिलाओं का टी20 टूर्नामेंट स्थगित कर दिया है.
वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को कितनी सैलरी मिलती है?
वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को कितनी सैलरी मिलती है इसकी कोई लिखित जानकारी नहीं है लेकिन एक रिपोर्ट के मुताबिक तीनों फॉर्मेट खेलने वाले विंडीज क्रिकेटर को 3 लाख यूएस डॉलर मिलते हैं. वहीं दो फॉर्मेट खेलने वाले खिलाड़ी को सालाना 2.4 लाख डॉलर मिलते हैं. सिर्फ एक फॉर्मेट खेलने वाले खिलाड़ी को 1.5 से 2 लाख डॉलर मिलते हैं. विंडीज बोर्ड डेवलपमेंट कॉन्ट्रैक्ट भी देता है जो 60 हजार डॉलर से 1 लाख डॉलर तक मिलता है. अब सभी खिलाड़ियों को 25 फीसदी कम पैसा मिलेगा. सालाना कॉन्ट्रैक्ट के अलावा खिलाड़ियों को टेस्ट, वनडे और टी20 की मैच फीस भी मिलती है. टेस्ट मैच के लिए विंडीज खिलाड़ियों को 5000 डॉलर मिलते हैं. वनडे के लिए 2300 डॉलर और टी20 के लिए 1700 डॉलर दिए जाते हैं.