जापान के खिलाफ BCCI जर्सी पहनेगी टीम इंडिया, एशियन गेम्स की किट का ‘विवाद’ सुलझा

2026 एशियन गेम्स के लिए टीम इंडिया रविवार, 20 सितंबर को जापान रवाना होगी. भारतीय टीम के रवाना होने से पहले ही एशियन गेम्स का किट विवाद सुलझ गया है. युवा मामले एवं खेल मंत्रालय (MYAS) के सूत्रों के अनुसार टीम इंडिया जापान के खिलाफ मैच में बीसीसीआई की जर्सी पहनेगी, वहीं 2026 एशियन गेम्स के बाकी के मैचों के लिए टीम इंडिया को टूर्नामेंट की आधिकारिक एशियाई गेम्स किट मिल गई हैं.

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से टीम इंडिया की जर्सी का विवाद सुर्खियों में था. 2026 एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों को अपनी साइज की जर्सी नहीं मिली है. ऐसा माना जा रहा था कि श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम इंडिया निर्धारित समय पर जापान के लिए रवाना नहीं हो पाएगी. रिपोर्ट की मानें तो अब यह मामला पूरी तरह से सुलझ गया है.

जापान के आइची-नागोया में 2026 एशियन गेम्स खेले जा रहे हैं. इस मेगा इवेंट की शुरुआत 17 सितंबर से हो चुकी है. हालांकि, आधिकारिक रूप से आज यानी शनिवार, 19 सितंबर को टूर्नामेंट का आगाज हुआ है. सिर्फ कुछ मैच ही 17 सितंबर से शुरू हुए थे. अब इस मेगा इवेंट के बाकी के खेल भी शुरू हो गए हैं.

इस कारण भी हुआ था हंगामा, फिर बीसीसीआई ने संभाला मोर्चा

एशियन गेम्स के लिए सिर्फ टीम इंडिया की किट ही एक मसला नहीं थी. इससे पहले जापान में भारतीय क्रिकेटरों के रुकने की व्यवस्था को लेकर भी हंगामा मचा था. दरअसल, आयोजकों द्वारा उपलब्ध करवाए गए कमरों के प्रति चिंता सामने आने के बाद बीसीसीआई ने नागोया (जापान) में टीम इंडिया के ठहरने की व्यवस्था का इंतजाम अपने हाथों में लिया. आयोजकों द्वारा उपलब्ध जगह में क्रिकेट किट बैग को रख पाने में खिलाड़ियों को मुश्किल आ रही थी. इसलिए BCCI को खुद आगे आना पड़ा. हालांकि भारत की महिला टीम अब भी उसी जगह पर ठहरी हुई है, जो आयोजकों ने उपलब्ध करवाई थी.

Leave a Comment