महिला एशिया कप 2026 का शेड्यूल सामने आ चुका है. मंगलवार को यूएई के खिलाफ 34 रनों से जीतकर बांग्लादेश सेमीफाइनल में जाने वाली चौथी और आखिरी टीम बन गई. उससे पहले भारत, श्रीलंका और पाकिस्तान अंतिम-4 में अपनी-अपनी जगह पक्की कर चुके थे.
एशिया कप के सेमीफाइनल मुकाबले 10 सितंबर और 11 सितंबर को खेले जाएंगे.
मंगलवार को खेले गए आखिरी ग्रुप मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 103 रन बनाए थे. दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में अब तक लगभग टूर्नामेंट के सभी मैच लो-स्कोरिंग ही रहे हैं, इसलिए बांग्लादेश द्वारा बनाया गया 103 रन का स्कोर भी यूएई पर भारी पड़ा. 104 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएई के बल्लेबाज महज 69 रन ही बना सके.
सेमीफाइनल का शेड्यूल आया सामने
महिला एशिया कप का पहला सेमीफाइनल 10 सितंबर को भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा. टीम इंडिया ने पहले ग्रुप को टॉप किया था, जबकि बांग्लादेश ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रहा. दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका की टक्कर होगी, जो 11 सितंबर को खेला जाएगा. श्रीलंका अपना ग्रुप टॉप करके आ रही है, जबकि पाकिस्तान ग्रुप ए में दूसरे नंबर की टीम रही. इन दोनों मैचों की मेजबानी दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम करेगा.
- पहला सेमीफाइनल – भारत बनाम बांग्लादेश – 10 सितंबर
- दूसरा सेमीफाइनल – पाकिस्तान बनाम श्रीलंका – 11 सितंबर
- फाइनल – 13 सितंबर
अब तक भारत और श्रीलंका की टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही हैं. हालिया फॉर्म को देखते हुए ये दोनों टीम फाइनल की दावेदार नजर आ रही हैं. आपको याद दिला दें कि 2024 के फाइनल में भी भारत और श्रीलंका आमने-सामने आए थे, जहां 8 विकेट से जीत दर्ज कर श्रीलंका पहली बार एशियाई चैंपियन बना था.
भारत-पाकिस्तान फाइनल संभव
महिला एशिया कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान की टक्कर संभव है. अगर पहले सेमीफाइनल में टीम इंडिया बांग्लादेश को हरा देती है और दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को श्रीलंका पर जीत मिलती है, तो 13 सितंबर को भारत-पाकिस्तान की महाभिड़ंत हो सकती है. ग्रुप मुकाबले में जब ये दोनों टीम आमने-सामने आई थीं, तब पाकिस्तान की पूरी टीम 55 रन पर सिमट गई थी. भारत ने वह मैच 7 विकेट से जीत लिया था.