नई दिल्ली: महिला क्रिकेट में एक ऐसा संयोग देखने को मिला है, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने महिला एशिया कप में इंडोनेशिया के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए हैट्रिक ली।
खास बात यह रही कि उनकी हैट्रिक में जिन तीन बल्लेबाजों के विकेट आए, वही तीन खिलाड़ी इससे पहले हुई हैट्रिक में भी आउट हुई थीं।
इतना ही नहीं, दोनों हैट्रिक में तीनों बल्लेबाजों के आउट होने का तरीका भी बिल्कुल एक जैसा रहा। क्रिकेट के आंकड़ों के लिहाज से महिला क्रिकेट में ऐसा संयोग पहली बार देखने को मिला है।
अट्टापट्टू ने 3 गेंदों में झटके 3 विकेट
महिला एशिया कप में 2 सितंबर को श्रीलंका और इंडोनेशिया के बीच मुकाबला खेला गया। श्रीलंका ने यह मैच 75 रन से अपने नाम किया। टीम की कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी शानदार प्रदर्शन किया।
अट्टापट्टू ने महज 3.3 ओवर में 5 रन देकर 7 विकेट हासिल किए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसी स्पेल के दौरान उन्होंने 19वें ओवर में लगातार तीन गेंदों पर विकेट लेकर अपनी हैट्रिक पूरी की।
उन्होंने पहली गेंद पर कदेक अरियानी को बोल्ड, दूसरी गेंद पर न्योमन मेप्रियानी को LBW और तीसरी गेंद पर अगुंग लक्ष्मी को LBW आउट किया।
इससे पहले फणीता माया ने भी ली थी हैट्रिक
इस संयोग की शुरुआत इसी साल हुए ACC महिला प्रीमियर कप के दौरान हुई थी। थाईलैंड की गेंदबाज फणीता माया ने भी इंडोनेशिया के खिलाफ हैट्रिक हासिल की थी।
माया ने भी लगातार तीन गेंदों पर कदेक अरियानी, न्योमन मेप्रियानी और अगुंग लक्ष्मी को आउट किया था। हैरानी की बात यह है कि उन्होंने भी क्रमशः पहली गेंद पर अरियानी को बोल्ड, दूसरी गेंद पर मेप्रियानी को LBW और तीसरी गेंद पर लक्ष्मी को LBW आउट किया था।
यानी दोनों गेंदबाजों की हैट्रिक में वही तीन बल्लेबाज, वही क्रम और आउट होने का वही तरीका देखने को मिला।
दोनों हैट्रिक का संयोग
चमारी अट्टापट्टू की हैट्रिक:
- कदेक अरियानी – बोल्ड
- न्योमन मेप्रियानी – LBW
- अगुंग लक्ष्मी – LBW
फणीता माया की हैट्रिक:
- कदेक अरियानी – बोल्ड
- न्योमन मेप्रियानी – LBW
- अगुंग लक्ष्मी – LBW