पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) पर एक बार फिर निशाना साधा है. इस बार उन्होंने पाकिस्तान के हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर आकिब जावेद के उस बयान पर रिएक्शन दिया, जिसमें उन्होंने टीम की खराब स्थिति को लेकर चिंता जताई थी.
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान लगातार दो मुकाबले हार चुका है. इसके बाद आकिब ने कहा था कि पाकिस्तान के प्रदर्शन को देखकर “दुनिया हम पर हंस रही है.” आकिब के इसी बयान से जुड़ी एक इंस्टाग्राम पोस्ट पर ख्वाजा ने जवाब देते हुए लिखा, “अब दुनिया और ज्यादा हंस रही है.”
पाकिस्तान की टीम के लिए इंग्लैंड दौरा अब तक बेहद निराशाजनक रहा है. पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पारी से हराया, जबकि दूसरे टेस्ट में उसे 194 रन से शिकस्त मिली. इस जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली. लगातार दो हार के बाद पीसीबी ने टीम में बड़े बदलाव करने का फैसला किया है. तीसरा टेस्ट 9 सितंबर से एजबेस्टन में खेला जाना है और उससे पहले पाकिस्तान ने अपनी टीम में कई नए चेहरों को शामिल किया है.
पाकिस्तान टीम में बड़ा बदलाव
पीसीबी ने दौरे पर गई टीम से मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान आगा, अली उस्मान, आमेर जमाल, आवैस जफर और खुर्रम शहजाद को बाहर कर दिया है. इसके अलावा अराफात मिन्हास, मोहम्मद इमरान जूनियर, साद बैग, मोहम्मद इमरान रंधावा और रजाउल्लाह जैसे पांच अनकैप्ड खिलाड़ियों को टीम में जगह दी गई है. सैम अयूब और अब्दुल्ला फजल को भी टीम में शामिल किया गया है. दोनों के पास मिलाकर केवल 10 टेस्ट मैचों का अनुभव है.
आकिब ने चयन पर उठाए सवाल
पीसीबी ने कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव किया है. सफेद गेंद की टीम से जुड़े माइक हेसन को मुख्य कोच और एश्ले नॉफ्के को गेंदबाजी कोच बनाया गया है. आकिब जावेद ने इन बदलावों का बचाव करते हुए पहले दो टेस्ट में टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की टीम मुकाबला करने में भी सफल नहीं रही, जबकि मैनेजमेंट के पास बदलाव करने के विकल्प मौजूद थे. उन्होंने तेज गेंदबाजी आक्रमण में ज्यादा गति और विविधता वाले गेंदबाज की जरूरत बताई. आकिब ने विकेटकीपर के तौर पर मोहम्मद रिजवान को लगातार मौका देने के फैसले पर भी सवाल उठाया. वहीं, पीसीबी ने रिजवान और इमाम को टीम में चुनने को लेकर सेलेक्टर्स से जवाब भी मांगा है.