ICC Champions Trophy: भारत में होगा महिला चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण, तारीख और वेन्यू का ऐलान

ई दिल्ली: भारत 2027 में पहली बार होने वाली ICC महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा। यह टूर्नामेंट 14 से 28 फरवरी 2027 तक खेला जाएगा। खास बात यह है कि महिला चैंपियंस ट्रॉफी का यह पहला संस्करण T20I फॉर्मेट में आयोजित किया जाएगा।

इस टूर्नामेंट में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें मेजबान भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका शामिल हैं।

मुंबई और वडोदरा में होंगे मुकाबले

ICC महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 के सभी मुकाबलों के लिए दो वेन्यू तय किए गए हैं। टूर्नामेंट के मैच मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI) और वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का फाइनल 28 फरवरी 2027 को खेला जाएगा।

पहले श्रीलंका को मिली थी मेजबानी

इस टूर्नामेंट की मेजबानी पहले श्रीलंका को करनी थी, लेकिन अब इसे भारत में शिफ्ट कर दिया गया है। मेजबानी बदलने का फैसला 1 सितंबर 2026 को लिया गया। भारत के अलावा दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश भी इस टूर्नामेंट की मेजबानी के दावेदार थे।

जय शाह ने बताया महिला क्रिकेट के लिए नया अध्याय

ICC चेयरमैन जय शाह ने महिला चैंपियंस ट्रॉफी के आयोजन को महिला क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा, ‘ICC Women’s Champions Trophy 2027 महिला क्रिकेट के लिए एक रोमांचक नए अध्याय की शुरुआत है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘टूर्नामेंट के उद्घाटन संस्करण में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमें एक रोमांचक और उच्च गुणवत्ता वाली प्रतियोगिता में आमने-सामने होंगी। साथ ही, इससे टीमों को रैंकिंग में ऊपर जाने और वैश्विक मंच पर जगह बनाने के लिए लगातार बेहतर प्रदर्शन करने की अतिरिक्त प्रेरणा मिलेगी।’

राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में होगा टूर्नामेंट

महिला चैंपियंस ट्रॉफी में सभी 6 टीमें राउंड-रॉबिन लीग फॉर्मेट में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगी। लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। इसके बाद दोनों शीर्ष टीमों के बीच 28 फरवरी को खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।

पाकिस्तान और वेस्टइंडीज क्यों नहीं खेलेंगे?

महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 के लिए क्वालिफिकेशन की कट-ऑफ तारीख 6 जुलाई 2026 थी। उस समय पाकिस्तान और वेस्टइंडीज की टीमें टॉप-6 में जगह नहीं बना सकी थीं। इसी वजह से दोनों टीमें टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगी।

ODI और T20 वर्ल्ड चैंपियन आमने-सामने

इस टूर्नामेंट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खास मुकाबला देखने को मिल सकता है। भारत मौजूदा ODI वर्ल्ड चैंपियन है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 2025 महिला ODI वर्ल्ड कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार विश्व कप का खिताब जीता था।

हालांकि, 2026 में इंग्लैंड की धरती पर खेले गए ICC Women’s T20 World Cup में भारतीय टीम ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी थी। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने T20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। अब ऑस्ट्रेलिया महिला चैंपियंस ट्रॉफी में भी एक और ICC ट्रॉफी अपने नाम करने के इरादे से उतरेगा।

महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की अहम जानकारी

टूर्नामेंट: ICC Women’s Champions Trophy 2027 फॉर्मेट: T20I तारीख: 14 से 28 फरवरी 2027 टीमें: भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका वेन्यू: क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया, मुंबई और वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम फाइनल: 28 फरवरी 2027.

Leave a Comment