भारतीय क्रिकेट फैंस के बीच दिग्गज क्रिकेटर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को लेकर एक खबर तेजी से चर्चा में है। दावा किया जा रहा है कि लक्ष्मण भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच का पद संभालने जा रहे हैं।
इस खबर के सामने आने के बाद फैंस के मन में सवाल उठने लगा कि क्या वर्तमान हेड कोच गौतम गंभीर की छुट्टी होने वाली है?
हालांकि, ऐसा बिल्कुल नहीं है। गौतम गंभीर भारतीय सीनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच के पद पर बने रहेंगे। दरअसल, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) वीवीएस लक्ष्मण को एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का हेड कोच बनाने की तैयारी में है।
एशियन गेम्स में दिखेगी भारत की B टीम
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम लक्ष्मण की कोचिंग में खेलती हुई नजर आ सकती है। मुख्य सीनियर खिलाड़ियों के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल के कारण भारत इस टूर्नामेंट में अपनी B टीम (युवा खिलाड़ियों की टीम) भेजने की तैयारी कर रहा है। हालांकि अभी ऐलान की गई टीम में सीनियर खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन आने बीसीसीआई इस टीम को बदल सकता है। इससे पहले भी जब भारत ने अपनी बी टीम जिम्बाब्वे और आयरलैंड दौरों पर भेजी थी, तब लक्ष्मण ने ही कार्यवाहक कोच की भूमिका निभाई थी।
भारत को गोल्ड मेडल दिलाने का दारोमदार
एशियन गेम्स के पिछले सीजन में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता था। ऐसे में एक बार फिर युवा खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम से एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक बरकरार रखने की उम्मीदें होंगी। वीवीएस लक्ष्मण का युवा खिलाड़ियों को तराशने का अनुभव काफी बेहतरीन रहा है, और फैंस को पूरी उम्मीद है कि उनकी देखरेख में भारत एक बार फिर एशियाई खेलों में तिरंगा लहराएगा।