PAK vs AUS: पाकिस्तानी टीम में 31 महीने बाद आया ये खिलाड़ी, बाबर की भी वापसी, रिजवान बाहर

पाकिस्तान क्रिकेट टीम जल्द ही फिर से मैदान पर उतरने वाली है. बांग्लादेश के हाथों टेस्ट सीरीज में मिली शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तानी टीम अब वनडे क्रिकेट में कुछ सम्मान हासिल करने लौटेगी. मगर उसके लिए ये इतना आसान नहीं होने वाला क्योंकि सामने ऑस्ट्रेलिया की टीम है. इस सीरीज के लिए पाकिस्तान पूरी ताकत से उतरने की कोशिश कर रहा है और अपनी टीम का ऐलान भी कर चुका है. टीम में जहां बाबर आजम की वापसी हुई है तो वहीं मोहम्मद रिजवान की छुट्टी हो गई है.

शनिवार 30 मई से रावलपिंडी में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 वनडे मैच की सीरीज शुरू होगी. इस सीरीज के लिए जहां ऑस्ट्रेलियाई टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस समेत कई सीनियर खिलाड़ी IPL 2026 में व्यस्त होने के कारण नहीं खेल पाएंगे, तो वहीं पाकिस्तानी टीम जीत के लिए सब कुछ झोंकने को तैयार है. इस सीरीज के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार 22 मई को स्क्वॉड का ऐलान किया, जिसमें कुछ चौंकाने वाले फैसले भी नजर आए.

शाहीन की कप्तानी बरकरार, रिजवान बाहर

टेस्ट से पहले मार्च में बांग्लादेश के हाथों वनडे सीरीज में भी पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा था. इसके बावजूद शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी बरकरार है. वहीं सलमान अली आगा को उप-कप्तान बनाया गया है. एक बड़ा फैसला अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को लेकर किया गया है, जिन्हें टीम से बाहर कर दिया गया है. वो वनडे सीरीज में बुरी तरह फ्लॉप रहे थे लेकिन हालिया टेस्ट सीरीज में उनका प्रदर्शन बेहतर रहा था.

वहीं बाबर आजम की इस सीरीज के लिए टीम में वापसी हुई है. उन्हें बांग्लादेश वाली वनडे सीरीज में जगह नहीं मिली थी. वहीं हालिया टेस्ट सीरीज के एक ही मैच में खेलते हुए उन्होंने ठीक-ठाक बल्लेबाजी की थी. उनके अलावा तेज गेंदबाज हारिस रऊफ, नसीम शाह और स्पिनर सूफयान मुकीम की भी वापसी हुई है.

31 महीने बाद इस खिलाड़ी की वापसी

मगर सबसे चौंकाने वाला फैसला हुआ है स्पिन ऑलराउंडर शादाब खान को लेकर, जिन्हें करीब 31 महीने बाद ODI टीम में बुलाया गया है. शादाब ने पिछला ODI मैच 2023 के वर्ल्ड कप में खेला था.इनके अलावा अराफात मिन्हास, अहमद दानियाल और रोहेल नजीर के रूप में 3 नए खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है. इसमें नजीर विकेटकीपर की भूमिका में होंगे लेकिन उनसे पहले मुहम्मद गाजी गौरी को इस जिम्मेदारी में तरजीह मिलेगी. जहां तक सीरीज की बात है तो ये 30 मई 4 जून तक रावलपिंडी और लाहौर में खेली जाएगी.

पाकिस्तान का ODI स्क्वॉड

शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), सलमान अली आगा (उप-कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास, बाबर आजम, हारिस रऊफ, माज सदाकत, मुहम्मद गाज़ी गौरी (विकेटकीपर), नसीम शाह, रोहेल नजीर (विकेटकीपर), साहिबजादा फरहान, शादाब खान, शमील हुसैन और सुफियान मुकीम