Orange Cap and Purple Cap Holder List in IPL 2026: आईपीएल 2026 की लीग स्टेज धीरे-धीरे अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही है. टूर्नामेंट में अभी तक कुल 58 मैच खेले जा चुके हैं और प्लेऑफ की रेस कड़ी हो चुकी है. कुछ टीमों की स्थिति मजबूत हो गई है, जबकि कुछ बाहर हो गई हैं. मगर इनके अलावा IPL 2026 के नंबर-1 बल्लेबाज और गेंदबाज बनने के लिए चल रहा मुकाबला भी कम रोमांचक नहीं है. लगभग हर मैच के साथ ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की रेस में उतार-चढ़ाव दिख रहा है. अब 59वें मैच में भी कुछ ऐसा ही हो सकता है, जहां चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दो खिलाड़ियों के पास सुनहरा मौका है.
58 मुकाबलों के बाद ऐसी है तस्वीर
IPL के 19वें सीजन में गुरुवार 14 मई को मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स आमने-सामने थे. इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर, प्रभसिमरन सिंह, तिलक वर्मा, रायन रिकल्टन, अर्शदीप सिंह, शार्दुल ठाकुर जैसे खिलाड़ी शामिल थे, जो इस सीजन में रन बनाने और विकेट लेने वाले खिलाड़ियों की रेस में शामिल हैं. इस मुकाबले में 400 से ज्यादा रन बने लेकिन इसके बावजूद दोनों टीम में से कोई भी ऑरेंज कैप या पर्पल कैप की लिस्ट के शीर्ष में कोई बदलाव नहीं कर पाया.
इस तरह 58 मैच के बाद भी सबसे ज्यादा रन की लिस्ट में सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिख क्लासन पहले नंबर पर हैं, जिनके नाम 12 पारियों में 508 रन हैं. दूसरे नंबर पर गुजरात के साई सुदर्शन (501) और तीसरे पर बेंगलुरु (RCB) के स्टार विराट कोहली (484) हैं. इसी तरह पर्पल कैप की लिस्ट में अभी भी पहले नंबर पर RCB के दिग्गज तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार 22 विकेट के साथ सबसे ऊपर हैं. दूसरे नंबर पर गुजरात के कगिसो रबाडा (21) और तीसरे पर CSK के अंशुल कम्बोज (19) हैं.
LSG vs CSK मैच से बदलेगी तस्वीर?
मुंबई और पंजाब के खिलाड़ी तो अपने मैच में कुछ ऐसा नहीं कर पाए, जिससे वो आगे निकल पाते. मगर शुक्रवार 15 मई को चेन्नई और लखनऊ सुपर जायंट्स के मुकाबले में ये बदलाव दिख सकता है. बैटिंग की बात करें तो इस सीजन में चेन्नई के सबसे सफल बल्लेबाज संजू सैमसन ऑरेंज कैप की रेस में पहला स्थान हासिल कर सकते हैं. सैमसन के अभी तक 11 पारियों में 430 रन हैं और वो 11वें नंबर पर हैं. अगर वो 80-90 रन बना लेते हैं तो आगे निकल जाएंगे.
वहीं पर्पल कैप की रेस में अंशुल अगर 4 विकेट लेते हैं तो वो नंबर-1 बॉलर बन सकते हैं. जहां तक लखनऊ का सवाल है तो उसके खिलाड़ी फिलहाल दोनों मोर्चों पर पीछे हैं. टीम के लिए मिचेल मार्श ने सबसे ज्यादा 377 रन ही बनाए हैं. वहीं इस सीजन में सबसे ज्यादा असरदार गेंदबाज साबित हुए प्रिंस यादव 16 विकेट के साथ चौथे स्थान पर हैं. इसमें सिर्फ प्रिंस ही कुछ टक्कर देते हुए नजर आ रहे हैं.