IPL 2026: तिलक वर्मा की पारी ने पलटा मैच, मुंबई ने पंजाब को 6 विकेट से हराया

IPL 2026, PBKS vs MI: आईपीएल 2026 के 58वें मैच में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीमों का आमना-सामना धर्मशाला में हुआ. इस मैच में दोनों टीमों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिली, जहां पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 200 रन बनाए. मुंबई इंडियंस को जीत के लिए 201 रनों का टारगेट मिला, जिसे उन्होंने 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया. इस मैच में तिलक वर्मा ने मुंबई के लिए मैच विनिंग पारी खेली.

पंजाब ने बोर्ड पर लगाए 200 रन

इस मैच में पंजाब की शुरुआत आक्रामक रही. ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने 32 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. वहीं, प्रियांश आर्या ने 17 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया. इसके बाद अजमतुल्लाह ओमरजई ने 17 गेंदों पर 38 रनों की उपयोगी पारी खेली, लेकिन बीच के ओवरों में बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके. इसके बाद विश्णु विनोद और जेवियर बार्टलेट ने आखिरी 3 ओवर में 53 रन बनाकर टीम को 200 रन तक पहुंचाया.

मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी में शार्दुल ठाकुर का प्रदर्शन सबसे उम्दा रहा. उन्होंने 4 ओवरों में 39 रन देकर 4 विकेट लिए. दीपक चाहर को भी 2 विकेट मिले. इनके अलावा कॉर्बिन बोश ने 1 विकेट चटकाया. लेकिन कप्तान जसप्रीत बुमराह इस मैच में भी कोई विकेट हासिल नहीं कर सके.

तिलक वर्मा की मैच विनिंग पारी

रन चेज में मुंबई इंडियंस की शुरुआत तेज रही. रायन रिकलटन ने 23 गेंदों पर 48 रन बनाए. वहीं, रोहित शर्मा ने 25 रन ठोके. फिर तिलक वर्मा ने आकर आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और अपनी बेहतरीन पारी से मैच पटका. तिलक ने तेज रन बनाने के साथ-साथ अहम मौकों पर सही शॉट्स लगाकर टीम को जीत दिलाई. उन्होंने 33 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और इतने ही छक्के शामिल रहे.

उन्होंने विल जैक्स के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी की, जिसके चलते टीम ने 19.5 ओवर में टारगेट हासिल कर लिया.