ICC Annual Ranking: टीम इंडिया ने नंबर-1 की कुर्सी पर पकड़ की मजबूत, पाकिस्तान का हो गया नुकसान

टीम इंडिया का इंटरनेशनल क्रिकेट में एक्शन दोबारा शुरू होने में अभी भी कुछ दिन बाकी हैं. आईपीएल 2026 के बाद ही एक बार फिर भारतीय खिलाड़ी नीली या सफेद जर्सी में मैदान पर उतरेंगे. मगर इंटरनेशनल क्रिकेट से इस ब्रेक के बावजूद टीम इंडिया का रैंकिंग में दबदबा कायम है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की ओर से वनडे इंटरनेशनल की टीम रैंकिंग में वार्षिक अपडेट किया गया है और इसमें भी टीम इंडिया ही नंबर-1 है.

ODI रैंकिंग में टॉप पर टीम इंडिया

कुछ ही दिन पहले टेस्ट और फिर टी20 इंटरनेशनल की रैंकिंग में सालाना बदलाव के ऐलान के बाद ICC ने 11 मई को ODI रैंकिंग का भी ऐलान हुआ. हर साल मई के महीने में ICC रैंकिंग में अपडेट जारी करती है, जिसमें 3 साल से पुराने मुकाबले के पॉइंट्स पूरी तरह खत्म हो जाते हैं. बीते एक साल, यानि मई 2025 से अप्रैल 2026 तक के मुकाबलों को पूरे 100 फीसदी वेटेज मिलता है, जबकि उससे पिछले 2 साल (इस मामले में 2023 से 2025) के मुकाबलें के पॉइंट्स का वेटेज 50 फीसदी हो जाता है.

कई बार इन बदलावों के कारण रैंकिंग में भी उथल-पुथल हो जाती है. मगर इस बार ऐसा नहीं हुआ और टीम इंडिया ने ODI रैंकिंग में अपना पहला स्थान बरकरार रखा हुआ है. टीम इंडिया फिलहाल 118 पॉइंट्स के साथ नंबर-1 बनी हुई है. वहीं दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड है जो टीम इंडिया से 5 पॉइंट पीछे है. कीवी टीम के 113 पॉइंट हैं. तीसरे नंबर पर मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया है, जिसके 109 पॉइंट हैं. यानि टॉप-3 में किसी भी तरह का बदलाव नहीं देखने को मिला है.

पाकिस्तान का हुआ नुकसान

साउथ अफ्रीका ने जरूर एक स्थान की छलांग लगाकर चौथे स्थान पर एंट्री की है और इसका नुकसान हुआ है पाकिस्तान को. पिछले साल अपने ही घर में चैंपियंस ट्रॉफी के पहले राउंड में बाहर होने वाली पाकिस्तान लुढ़ककर पांचवें स्थान पर पहुंच गई है. अन्य टीमों की बात करें तो श्रीलंका छठे, अफगानिस्तान 7वें, इंग्लैंड 8वें, बांग्लादेश 9वें और दो बार की वर्ल्ड चैंपियन वेस्टइंडीज 10वें स्थान पर है. इनके अलावा आयरलैंड 11वें और जिम्बाब्वे 12वें स्थान पर है.