आईपीएल 2026 के 34वें मुकाबले में विराट कोहली ने 81 रनों की पारी खेलकर एक बार फिर ऑरेंज कैप का ताज अपने सिर पर सजा लिया है। कोहली ने बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 8 चौकों और चार छक्कों की मदद से कुल 81 रन बनाए और ऑरेंज कैप की रेस में अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया।
विराट कोहली ने आईपीएल 2026 में अब तक कुल 7 पारियां खेली हैं, जिनमें 54.67 की औसत और 163.18 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 328 रन बनाए हैं। इस दौरान कोहली का सर्वोच्च स्कोर 81 रन रहा है। इन 328 रनों के साथ कोहली के सिर पर ऑरेंज कैप सज चुकी है। ऑरेंज कैप की रेस में कोहली के पीछे अभिषेक शर्मा का नाम है। बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज ने इस सीजन अब तक कुल 7 पारियां खेली हैं, जिसमें 53.83 की औसत और 215.33 के कमाल के स्ट्राइक रेट के साथ 323 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 135 रन है। आज के मैच से पहले ऑरेंज कैप अभिषेक शर्मा के सिर पर ही थी, जिसे अब विराट कोहली ने छीन लिया है।
ऑरेंज कैप की रेस में सनराइजर्स हैदराबाद के दिग्गज बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने अब तक 7 पारियों में 53.33 की औसत और 153.11 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 320 रन बनाए हैं और इस दौरान 62 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है। सूची में चौथे स्थान पर गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज और कप्तान शुभमन गिल का नाम है, जिन्होंने 6 पारियों में 49.5 की औसत और 149.24 की औसत के साथ कुल 297 रन बनाए हैं और सर्वोच्च स्कोर 87 रन है। आज के मैच में गिल के पास बड़ी पारी खेलकर इस रेस में और ऊपर जाने का मौका था, लेकिन वे सिर्फ 24 गेंदों में 32 रन ही बना सके और सुयश शर्मा का शिकार हुए। इस सूची में पांचवें स्थान पर संजू सैसमन का नाम है, जिन्होंने 7 पारियों में 58.6 की औसत से और 178.65 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 293 रन बनाए हैं। इस दौरान संजू का सर्वोच्च स्कोर नाबाद 115 रन है।
RCB VS GT मैच के बाद आईपीएल 2026 ऑरेंज कैप सूची
- विराट कोहली- 7 पारियों में 328 रन
2. अभिषेक शर्मा – 7 पारियों में 323 रन
3 . हेनरिक क्लासेन- 7 पारियों में 320 रन
4. शुभमन गिल- 6 पारियों में 297 रन
5 . संजू सैमसन- 7 पारियों में 293 रन