दुबई: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स को पहली जीत दिलाने वाले संजू सैमसन को अब एक और खुशखबरी मिली है. इस विकेटकीपर बल्लेबाज को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने एक बड़ा इनाम दिया है.
भारत की टी20 विश्व कप की जीत के नायक संजू सैमसन को मंगलवार को आईसीसी का मार्च महीने का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी चुना गया.
टी20 वर्ल्ड कप के शुरुआत में सैमसन को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिल रहा था. लेकिन एक बार जब उन्हें टीम में शामिल किया तो उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया. वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो का मैच हो, सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ पारी हो या फिर न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में 46 गेंद पर 89 रन की पारी, सैमसन ने तीनों में बेहतरीन खेल दिखाया. उन्होंने भारत को लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने में मदद की. भारत पहली टीम बना था जिसने लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीता हो.
सैमसन को यह मासिक सम्मान मिलने का मतलब है कि पिछले पांच महीनों में यह पुरस्कार किसी दूसरे देश के खिलाड़ी ने हासिल किया है. इस श्रेणी में पिछले चार खिलाड़ी साइमन हार्मर (दक्षिण अफ्रीका), मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया), डैरिल मिचेल (न्यूजीलैंड) और साहिबजादा फरहान (पाकिस्तान) शामिल हैं.
सैमसन ने इस प्रदर्शन को अपने करियर का महत्वपूर्ण दौर करार दिया. उन्होंने कहा, ‘आईसीसी का महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार हासिल करना अविश्वसनीय अहसास है, विशेषकर इसलिए क्योंकि यह मेरे क्रिकेट करियर के सबसे अविस्मरणीय दौर में मिला है. पुरुष टी20 विश्व कप में भारत की जीत में योगदान देना सचमुच एक सपने के साकार होने जैसा था और उस पल के महत्व को पूरी तरह समझने में मुझे कुछ समय लगा.’
सैमसन ने कहा, ‘भारतीय क्रिकेट के लिए यह एक रोमांचक दौर है, जिसमें हर क्षेत्र में अपार प्रतिभा मौजूद है. मुझे जो अवसर मिले उनके लिए मैं आभारी हूं. मैं टीम के साथियों और कोचिंग स्टाफ का मुझ पर भरोसा दिखाने के लिए आभारी हूं जिसके कारण मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाया.’
सैमसन ने टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ 89 रन बनाने से पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 और इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन बनाए थे.
मार्च में खेले गए तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सैमसन ने 137.50 के औसत और 199.27 के शानदार स्ट्राइक रेट से 275 रन बनाए. सैमसन को पहली बार आईसीसी का महीने का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का सम्मान मिला है.
न्यूज़ीलैंड की कप्तान मेली केर ने ज़िम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद महिला वर्ग में तीसरी बार यह पुरस्कार हासिल किया. उन्होंने ज़िम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में 16 विकेट लेने के अलावा 140 रन भी बनाए.