मुंबई इंडियंस की टीम ने आईपीएल 2026 में अपना पहला मैच जीता. लेकिन इसके बाद लगातार तीन मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा. लगातार हार के बाद मुंबई के लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं.
और साथ ही टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या पर उठ रहे सवालों में भी इजाफा होने लगा है. टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज सदगोपन रमेश ने तो पंड्या की कप्तानी को लेकर कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया है.
दरअसल, मुंबई इंडियंस की टीम ने 2012 के बाद पहली बार आईपीएल में अपना पहला मैच जीता. कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर मुंबई ने पहला मैच तो जीता लेकिन इसके बाद टीम का प्रदर्शन लगातार खराब होता गया. टीम उसके बाद से तीन मैच हार चुकी है.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 18 रन से मिली हार के बाद टीम पर आलोचनाओं के तीर तेज हो गए. अंक तालिका में मुंबई अभी 8वें स्थान पर है. इस बीच रमेश का मानना है कि मुंबई इंडियंस के लिए असली समस्या हार्दिक पंड्या की कप्तानी है. आरसीबी के खिलाफ मैच में उन्होंने जसप्रीत बुमराह के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए.
अपने इंस्टाग्राम पर रमेश ने कहा, ‘मुंबई इंडियंस की एकमात्र समस्या हार्दिक पंड्या की कप्तानी है. एक खिलाड़ी के तौर पर हार्दिक कमाल के खिलाड़ी हैं लेकिन कप्तान के तौर पर वह मध्यम दर्जे के हैं. उन्होंने पावरप्ले में जसप्रीत बुमराह के दो ओवर फेंकवाकर बड़ी गलती की. हां, और गेंदबाजों की भी पिटाई हो रही थी लेकिन हार्दिक बहुत ज्यादा उतावले थे. लेकिन बुमराह ने अपना दूसरा ओवर छठे ओवर में फेंका और फिर वह 17वें ओवर में गेंदबाजी करने लौटे. इसका अर्थ यह है कि आपका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज 60 गेंदों तक मुकाबले में था ही नहीं.’
उन्होंने आगे कहा, ‘हालांकि बुमराह भी विकेट नहीं ले रहे थे. लेकिन मुंबई इंडियंस के सभी गेंदबाजों में उनका इकॉनमी रेट सबसे अच्छा था. वह इकलौते ऐसे गेंदबाज हैं जो किसी भी वक्त मैच को पूरी तरह बदल सकते हैं. तो, जैसे ही उन्होंने पावरप्ले में दूसरा ओवर फेंक दिया तो आरसीबी ने उनके खिलाफ उस छठे ओवर में कोई चांस नहीं लिया. उन्हें पता था कि बुमराह अगले 10 ओवरों तक गेंदबाजी करने नहीं आएंगे.’
हार्दिक पंड्या ने जिस तरह से स्पिनर्स का इस्तेमाल किया उसे लेकर भी रमेश नाखुश थे. उन्होंने कहा, ‘एक और गलती जो हार्दिक ने की वह थी दोनों छोर से स्पिनर्स को गेंदबाजी देना. सातवें और आठवें ओवर में. वानखेड़े स्टेडियम पर दोनों ओर से स्पिनर्स से गेंदबाजी करवाना एक रणनीतिक गुनाह है. उन्होंने रजत पाटीदार के खिलाफ भी (मयंक) मार्कंडेय को ओवर दिया जो कमाल के बल्लेबाज हैं और स्पिनर्स के खिलाफ तो वह और भी खतरनाक हो जाते हैं. आप पाटीदार के सामने स्पिनर्स से कैसे गेंदबाजी करवा सकते हैं.’
बुमराह ने कोई विकेट हासिल नहीं किया लेकिन उन्होंने चार ओवरों में सिर्फ 35 रन दिए. वहीं बाएं हाथ के स्पिनर मिशेल सैंटनर और लेग स्पिनर मयंक मार्कंडेय ने 8 ओवरों में एक विकेट लेकर 83 रन दिए.