वैभव सूर्यवंशी ने जिस अंदाज में आईपीएल 2026 में धुआंधार बल्लेबाजी की है, उसके सामने सभी विस्फोटक बल्लेबाज फीके नजर आने लगे हैं. यहां तक कि पिछले करीब 2 साल में भारतीय क्रिकेट के सबसे धमाकेदार ओपनर अभिषेक शर्मा की रफ्तार भी उनके सामने धीमी लगने लगी थी. मगर अब अभिषेक ने भी सबको याद दिला दिया है कि वो अभी भी उतने ही खतरनाक ओपनर हैं और वैभव जैसी बैटिंग करने का माद्दा रखते हैं. पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में उन्होंने इसकी झलक दिखा दी, जब सिर्फ 18 गेंदों में अभिषेक ने विस्फोटक अर्धशतक लगाया.
18 गेंदों में ठोका अर्धशतक
न्यू चंडीगढ़ में शनिवार 11 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा ने अपनी धुआंधार बैटिंग से ये महफिल जमाई. अभिषेक ने अर्शदीप सिंह के ओवर में 2 छक्के और 2 चौके जमाए तो विजयकुमार वैशाक के खिलाफ तो एक ही ओवर में 4 छक्के उड़ा दिए. ऐसी आक्रामक बैटिंग के दम पर अभिषेक ने पांचवें ओवर में ही सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर दिया.
अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक तक पहुंचने में ही 5 छक्के और 5 चौके ठोक दिए थे. इसके बाद भी कुछ और देर उनका हमला जारी रहा. उन्होंने अपने ओपनिंग पार्टनर ट्रेविस हेड के साथ मिलकर पावरप्ले में ही टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया था. हालांकि अभिषेक इस बार अपने शतक तक नहीं पहुंच पाए और 9वें ओवर में आउट होकर पवेलियन लौट गए. मगर तब तक अभिषेक ने सिर्फ 28 गेंदों में 74 रन कूट दिए थे, जिसमें 8 छक्के और 5 चौके शामिल थे. उन्होंने और ट्रेविस हेड ने मिलकर 8.1 ओवर में 120 रन की धमाकेदार शुरुआत की.
पैरों में इस बदलाव से बदल गया गेम
मगर अभिषेक अचानक फिर से पुराने रंग में ऐसे ही नहीं लौटे, बल्कि उन्होंने एक अहम बदलाव अपने बैटिंग स्टांस में किया. अभी तक अभिषेक का ट्रिगर मोमेंट बहुत अहम होता था. वो अक्सर बैकफुट पर जाकर अक्रॉस जाते थे. इससे उन्हें काफी सफलता मिली लेकिन पिछले कुछ वक्त से वो इसके कारण लगातार शॉर्ट बॉल में फंस रहे थे. मगर इस बार उन्होंने इस मोमेंट को छोड़कर क्रीज पर अंत तक स्थिर खड़ा रहने का फैसला किया. इससे उनका सिर भी स्थिर हो गया, जो बैलेंस के लिए सबसे अहम है. फिर गेंद के हिसाब से पैरों को चलाते हुए शॉट खेले. इसका फायदा उन्हें मिला और इस सीजन में अपना पहला अर्धशतक जमाया.