IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ इतनी गेंदों पर ठोका अर्धशतक, ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज

Vaibhav Sooryavanshi vs RCB: गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच आईपीएल 2026 के मुकाबले में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपना विस्फोटक रूप दिखाया. 202 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए इस 15 साल के बल्लेबाज ने RCB की मजबूत गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त कर दिया. भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड जैसे गेंदबाजों की गेंदों पर सूर्यवंशी ने जमकर रन बनाए और सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. यह पारी राजस्थान रॉयल्स की ओर से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है.

इस सीजन का दूसरा तूफानी अर्धशतक

वैभव सूर्यवंशी के लिए यह इस सीजन का दूसरा अर्धशतक है. इससे पहले उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी 15 गेंदों में ही 50 रनों का आंकड़ा छुआ था. इन दोनों मौकों पर उन्होंने ठीक 15 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा है. इस उपलब्धि के साथ वैभव सूर्यवंशी भारत के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने आईपीएल में दो बार 15 या उससे कम गेंदों पर अर्धशतक लगाया है. वहीं, कुल मिलाकर यह उनका आईपीएल करियर का तीसरा अर्धशतक है.

सूर्यवंशी की इस आक्रामक पारी ने RCB की गेंदबाजी को पूरी तरह बेकाबू कर दिया. उन्होंने पावरप्ले में ही बड़े शॉट्स लगाकर मैच का रुख राजस्थान रॉयल्स के पक्ष में मोड़ दिया. खास बात ये रही कि उन्होंने जोश हेजलवुड जैसे दिग्गज गेंदबाज के खिलाफ भी जमकर चौके छक्के लगाए, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया.

आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक (भारतीय)

  • 13 गेंद – यशस्वी जयसवाल (2023)
  • 14 गेंद – केएल राहुल (2018)
  • 15 गेंद – युसूफ पठान (2014)
  • 15 गेंद – वैभव सूर्यवंशी (2026)
  • 15 गेंद – वैभव सूर्यवंशी (2026)*
  • 16 गेंद – सुरेश रैना (2014)

ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे

वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में 26 गेंदों पर कुल 78 रन बनाए. उन्होंने 300 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 8 चौके और 7 छक्के जड़े. इसी के साथ आईपीएल 2026 में उनके 200 रन भी पूरे हो गए. वह इस सीजन में 200 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज हैं. इसी के साथ वह ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे निकल गए हैं.