नई दिल्ली: पीएसएल 2026 के एक बेहद रोमांचक मोड़ पर, हैदराबाद किंग्समेन ने सोशल मीडिया पर बाबर आजम को ट्रोल करके इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। कराची के नेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस के तुरंत बाद किंग्समेन ने एक फोटो पोस्ट की, जिसने क्रिकेट जगत को दो हिस्सों में बांट दिया है।
यह मैच हैदराबाद किंग्समेन और पेशावर जाल्मी के बीच खेला गया।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
हैदराबाद किंग्समेन और पेशावर जाल्मी के बीच मैच शुरू होने से पहले, किंग्समेन के आधिकारिक अकाउंट से एक तस्वीर साझा की गई। इस तस्वीर में हैदराबाद के कप्तान मार्नस लाबुशेन और जाल्मी के कप्तान बाबर आजम साथ खड़े थे। लेकिन विवाद तब शुरू हुआ जब फ्रेंचाइजी ने इसका कैप्शन लिखा, ‘मार्नस विद अ फैन’ (फैन के साथ मार्नस)। इस कैप्शन ने बाबर आजम के फैंस को नाराज कर दिया है। जहां एक तरफ फैंस इसे बाबर का अपमान बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग पीएसएल टीमों के बीच इस सोशल मीडिया वॉर का आनंद ले रहे हैं।बाबर आजम के पास था इतिहास रचने का मौका
ट्रोलिंग के बीच, बाबर आजम एक बड़े विश्व रिकॉर्ड की दहलीज पर खड़े थे। अगर इस मैच में बाबर 56 रन बना लेते, तो वह टी20 क्रिकेट में 12,000 रन पूरे करने वाले पहले पाकिस्तानी क्रिकेटर बन जाते, लेकिन उन्होंने इस मुकाबले में 43 रनों की ही पारी खेली और इस रिकॉर्ड को बनाने से चूक गए। हालांकि उनकी टीम ने इस मुकाबले को 4 विकेट से जीत लिया। बाबर ने 350 मैचों की 337 पारियों में 11,987 रन बनाए हैं। वह क्रिस गेल (343 पारियां) और विराट कोहली (360 पारियां) को पीछे छोड़कर सबसे तेज 12,000 टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते थे।
खराब फॉर्म और टी20 वर्ल्ड कप 2026 का साया
भले ही बाबर टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं, लेकिन हालिया समय उनके लिए कठिन रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में उन्हें प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप कर दिया गया था। पीएसएल 2026 में भी उनका बल्ला अभी तक खामोश रहा है, जहां उन्होंने पहले मैच में 39 रन बनाए थे। वहीं दूसरे मुकाबले में उन्होंने 43 रनों की पारी खेली। हालांकि PSL में बाबर आजम धीरे-धीरे फॉर्म में लौटते हुए नजर आ रहे हैं।हैदराबाद किंग्समेन की स्थिति
अपना पहला सीजन खेल रही हैदराबाद किंग्समेन के लिए अब तक का सफर निराशाजनक रहा है। टीम ने अब तक खेले अपने चारों मुकाबले गंवाए हैं। आज के मैच में जीत हासिल करना उनके लिए प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अनिवार्य था, लेकिन उनकी टीम यह मैच भी हार गई। इस हार ने उनके प्लेऑफ की रेस को पूरी तरह से खतरे में डाल दिया है।