Vaibhav Sooryavanshi Next Target: गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स का जब मुंबई इंडियंस से आमना-सामना हुआ, तो सवाल ये बड़ा नहीं रहा कि दोनों टीमों में जीतेगा कौन? बल्कि, मुद्दा ये बड़ा हो गया कि वैभव सूर्यवंशी और जसप्रीत बुमराह में बाजी मारेगा कौन? खैर, ये लड़ाई तो 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने जीत ली. उन्होंने बुमराह के खिलाफ आमने-सामने की लड़ाई में 5 गेंदों पर 2 छक्कों के साथ 13 रन बनाए. बुमराह को 200 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से मारने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने अपना अगला टारगेट भी लॉक कर लिया है. वैभव सूर्यवंशी के अगले 5 गेंदबाज हैं, जिसमें से एक तो IPL इतिहास का सबसे सफल पेसर है.
वैभव सूर्यवंशी के अगले 5 टारगेट!
वैभव सूर्यवंशी अब जिन 5 गेंदबाजों को टारगेट करेंगे, उनमें पहला नाम भुवनेश्वर कुमार का है. उनके अलावा क्रुणाल पंड्या, जैकब डफी, अभिनंदन सिंह और सुयश शर्मा के बाकी 4 गेंदबाज होंगे. ये सभी गेंदबाज IPL फ्रेंचाइजी RCB से हैं. वैभव सूर्यवंशी इन 5 गेंदबाजों का सामना 10 अप्रैल को करते दिखेंगे, जब राजस्थान रॉयल्स और RCB आपस में भिड़ेगी. बड़ी बात ये है कि ये मुकाबला भी गुवाहाटी में ही खेला जाएगा, जहां वैभव के बल्ले ने बुमराह एंड कंपनी की धुनाई की थी.
भुवी ने किया था बोल्ड, वैभव लेंगे बदला
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले साल ही IPL डेब्यू किया था. तब जब पहली बार राजस्थान रॉयल्स और RCB का सामना हुआ था तो वैभव सूर्यवंशी उसमें नहीं खेले थे. और, जब दूसरी बार भिड़ंत हुई तो भुवनेश्वर कुमार ने वैभव सूर्यवंशी को 16 रन पर निपटाकर उन्हें बड़ा स्कोर करने से रोक दिया था. IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी उसी का बदला चाहेंगे. भुवनेश्वर ने उन्हें RCB के होम ग्राउंड बेंगलुरु में क्लीन बोल्ड किया था. अब वैभव के पास मौका है राजस्थान के होम ग्राउंड गुवाहटी में भुवी की गेंदों का धागा खोल देने का.
बुमराह से बड़ा खतरा भुवी या कम… वैभव के कोच ने बताया
हालांकि, क्या ये काम बुमराह के खिलाफ पहली गेंद पर छक्का लगाने जितना आसान होगा? क्या वैभव सूर्यवंशी के लिए बुमराह से बड़ा खतरा हैं भुवनेश्वर कुमार? इन सवालों के जवाब हमने वैभव सूर्यवंशी के कोच मनीष ओझा से ही लिए. मनीष ओझा ने TV9 को बताया कि अगर भुवी को स्विंग मिली तो वो वैभव के लिए बुमराह से ज्यादा बड़ा खतरा हो सकते है. लेकिन, अगर नहीं मिली तो फिर वैभव छोड़ेंगे भी नहीं.इसके पीछे की एक वजह भुवनेश्वर कुमार के पास रफ्तार का ना होना भी है. सबकुछ उनकी स्विंग पर निर्भर करता है. मनीष ओझा ने RCB के बाकी गेंदबाजों को लेकर कहा कि उनकी गेंद अगर वैभव के पाले में गिरी तो फिर उसका ठिकाना स्टेडियम की छत्त ही होगा.
RCB की गेंदबाजी के ‘पांडव’ Vs वैभव सूर्यवंशी
RCB के पांचों गेंदबाजों के अब तक के प्रदर्शन की बात करें तो जैकब डफी 5 विकेट लेकर पर्पल कैप की रेस में दौड़ रहे हैं. भुवनेश्वर कुमार भी 4 विकेट ले चुके हैं. अभिनंदन सिंह ने 3 विकेट चटकाए हैं. वहीं सुयश शर्मा और क्रुणाल पंड्या ने अब तक खेले 2-2 मैचों के बाद 2-2 विकेट लिए हैं. अब देखना ये है कि इनमें से कौन वैभव सूर्यवंशी का शिकार करता है. या फिर वैभव सूर्यवंशी अकेले ही RCB की गेंदबाजी के पांडव पर भारी पड़ते हैं.