Mitchell Starc: दिल्ली कैपिटल्स के पेस अटैक का सबसे बड़ा धुरंधर अभी नहीं लौट रहा. अभी उसकी वापसी में वक्त है. हम बात कर रहे हैं मिचेल स्टार्क की, जो IPL 2026 में दिल्ली की टीम के पहले दो मुकाबलों से तो वैसे ही बाहर थे. अब खबर है कि वो अगले 3 मैच और नहीं खेलेंगे. मतलब दिल्ली कैपिटल्स को स्टार्क के बिना ही आगे भी 3 मुकाबले तक मैदान में उतरने होंगे. अच्छी बात ये है कि दिल्ली की टीम ने अब तक खेले अपने दोनों मुकाबले IPL 2026 में जीते हैं.
दिल्ली कैपिटल्स के अगले 3 मुकाबले
दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2026 के अपने पहले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को हराया. फिर दूसरे में उन्होंने मुंबई इंडियंस को हराया. अब अगले तीन मुकाबले उसे गुजरात टाइटंस, चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलने है. ये मुकाबले 8, 11 और 18 अप्रैल को होंगे. दिल्ली कैपिटल्स के लिए अगले तीनों मुकाबले अहम हैं मगर स्टार्क उससे बाहर रहेंगे.
कब तक वापसी करेंगे मिचेल स्टार्क?
अब सवाल है कि ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के पेसर मिचेल स्टार्क की वापसी होगी कब तक? ऐसी संभावना जताई जा रही है कि वो 20 अप्रैल तक दिल्ली की टीम से जुड़ेंगे. अगर ऐसा होता है तो इस बात की पूरी संभावना रहेगी कि वो 21 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में खेलते दिखें. मिचेल स्टार्क की गैरहाजिरी में अभी मुकेश कुमार, लुंगी एनगिडी और टी. नटराजन दिल्ली की गेंदबाजी की कमान संभाले हैं. अगले 3 मैचों में भी इसी पेस अटैक पर दारोमदार रहने की उम्मीद है.
डबल इंजरी की चपेट से उबरने में वक्त
अब सवाल है कि मिचेल स्टार्क की वापसी में वक्त क्यों लग रहा है? ऐसा इसलिए क्योंकि वो एक साथ दो इंजरी से उबरने में लगे हैं. उन्हें कंधे की भी इंजरी है और कोहुनी की भी. उसी डबल इंजरी से उबरने में उन्हें समय लग रहा है.