इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में जहां किंग खान की केकेआर (KKR vs PBKS) के शुरुआती लक्षण ठीक नहीं लगे रहे हैं, तो इस मामले में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के हालात तो और भी ज्यादा खराब हैं.
चेन्नई ने अपने शुरुआती तीन मैच गंवा दिए हैं और प्रबंधन को कुछ नहीं सूझ रहा कि क्या करें या ना करें. कप्तान गायकवाड़ जंग लगे दिख रहे हैं, तो फैंस हैरान हैं कि ये एकदम संजू सैमसन की तूफानी फॉर्म की हवा कैसे निकल गई.दिग्गज एमएस धोनी की गैरमौजूदगी में टीम हर विभाग में जूझती दिखी है, तो कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ लगातार आलोचनाओं के घेरे में हैं और उनकी कप्तानी व फैसलों को CSK के खराब प्रदर्शन का जिम्मेदार ठहराया जा रहा है.
चेन्नई की लगातार हार के पीछे सबसे बड़ा चर्चा का विषय ऑलराउंडर प्रशांत वीर का इस्तेमाल रहा है. उत्तर प्रदेश के इस अनकैप्ड लेफ्ट-आर्म स्पिनर को CSK ने 14.2 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में खरीदा था और उन्हें अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के ‘लाइक-टू-लाइक’ विकल्प के तौर पर देखा जा रहा था. जडेजा को संजू सैमसन के बदले राजस्थान रॉयल्स में ट्रेड किए जाने के बाद वीर की एंट्री से CSK की टीम संतुलित नजर आ रही थी. हालांकि, जब गायकवाड़ ने 20 वर्षीय इस खिलाड़ी का इस्तेमाल बतौर बॉलर नहीं किया, तो कई सवाल खड़े हो गए़. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहला मुकाबला मिस करने के बाद, प्रशांत वीर को पंजाब किंग्स के खिलाफ दूसरे मैच में प्लेइंग इलेवन में जगह मिली. लेकिन हैरानी की बात यह रही कि जब पंजाब ने 210 रन का बड़ा लक्ष्य आठ गेंद शेष रहते हासिल कर लिया, तब भी वीर से एक भी ओवर नहीं डलवाया गया.
रविवार को CSK को एक और करारी हार झेलनी पड़ी, जब डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उसे 43 रन से मात दी. रजत पाटीदार की अगुआई वाली RCB टीम ने CSK के गेंदबाज़ों की जमकर धुनाई की और 20 ओवर में 3 विकेट पर 250 रन ठोक दिए. इस मुकाबले में भी, टिम डेविड, पाटीदार और विराट कोहली द्वारा गेंदबाजों की पिटाई के बावजूद गायकवाड़ ने प्रशांत वीर को गेंद नहीं सौंपी.
CSK का अपना ‘कैमरन ग्रीन’?
कुछ ऐसी ही स्थिति कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन के साथ किए जा रहे व्यवहार से मिलती-जुलती नजर आ रही है. ग्रीन को उनकी ऑलराउंड क्षमताओं के लिए 25.20 करोड़ रुपये में साइन किया गया था, लेकिन वह अब तक टूर्नामेंट में गेंदबाज़ी नहीं कर पाए हैं. इसमें मुंबई इंडियंस के खिलाफ KKR का पहला मैच भी शामिल है, जिसमें टीम ने 221 रन लुटाए थे. और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दूसरा मुकाबला भी, जहां 226 रन दे दिए गए. KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा था कि ग्रीन को अभी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से गेंदबाज़ी की पूरी मंजूरी नहीं मिली है. इसके जवाब में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पुष्टि की कि ग्रीन टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान लगी लोअर-बैक इंजरी से उबर रहे हैं और KKR उनकी स्थिति से पूरी तरह वाकिफ है. इसके उलट, CSK के पास प्रशांत वीर को लेकर न तो किसी तरह की चोट की चिंता है और न ही किसी क्लीयरेंस की समस्या, इसके बावजूद उन्हें ऑलराउंडर के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है.