Ashok Sharma Diet: गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में आईपीएल 2026 की सबसे तेज गेंद फेंकी. इस खिलाड़ी की रफ्तार 154.7/kmph रही जिसे देख भारतीय फैंस ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया हैरान रह गई. सवाल ये है कि अशोक शर्मा की इतनी रफ्तार आखिर कैसे है? वो ऐसा क्या खाते हैं जिसके दम पर वो इतनी तेज गेंद फेंकते हैं. आपको ये जानकर हैरानी होगी कि अशोक शर्मा मामूली किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं और अपनी इस स्पीड के लिए वो कोई खास डाइट फॉलो नहीं करते.
क्या खाते हैं अशोक शर्मा?
अशोक शर्मा के बड़े भाई अक्षय ने बताया कि उनका छोटा भाई घर का बना खाना ही खाता है. अशोक शर्मा की डाइट बैलेंस्ड है. वो रोज सुबह दलिया, रोटी-सब्जी खाते हैं. उनकी डाइट में दूध भी शामिल है. अशोक पूरी तरह से वेजिटेरियन हैं. वो अंडे भी नहीं खाते हैं.
अशोक शर्मा की कहानी
अशोक शर्मा को आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस ने 95 लाख रुपये में खरीदा. साल 2022 में ये खिलाड़ी केकेआर की टीम में भी था लेकिन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला. साल 2025 में राजस्थान रॉयल्स ने भी उन्हें डेब्यू नहीं कराया लेकिन गुजरात टाइटंस ने इस गेंदबाज पर भरोसा जताया है. अपनी मेहनत के दम पर अशोक शर्मा ने अपने परिवार का नाम रोशन कर दिया है. बता दें अशोक के पिता नाथूलाल किसान हैं, मां लाली देवी गृहिणी हैं और परिवार की आर्थिक स्थितिही है. अशोक के बड़े भाई अक्षय ने तो खुद के सपने को तोड़कर छोटे भाई को क्रिकेटर बनाया है. अक्षय शर्मा को भी बचपन से क्रिकेट खेलने का शौक था लेकिन दोनों भाइयों को सपोर्ट करने के लिए परिवार के पास पैसा नहीं था. इसके बाद अक्षय ने अशोक के लिए क्रिकेट छोड़ने का फैसला किया और उन्हें क्रिकेट एकेडमी भेजा.
अशोक शर्मा के पिता हैं किसान (फोटो-टीवी9)
टीम इंडिया में जगह बनाना लक्ष्य
अशोक शर्मा की कहानी उनके परिवार के संघर्ष, त्याग और धैर्य की वजह से बढ़ रही है राजस्थान के रामपुरा गांव में आज जश्न मनाया जा रहा है, सभी को शर्मा जी के लड़के पर फक्र है. अब बस यही उम्मीद है कि एक दिन अशोक शर्मा टीम इंडिया की नीली जर्सी पहनेंगे. अशोक ने मेहनत कर अपने टैलेंट का कमाल दिखाया तो जल्द ही वो दिन भी जाएगा. अशोक शर्मा ने अबतक अपने करियर में 4 फर्स्ट क्लास मैचों में 14 विकेट हासिल किए हैं. 7 लिस्ट ए मैचों में उनके नाम 13 विकेट हैं और वो 12 टी20 मैचों में 24 विकेट भी ले चुके हैं.