MS Dhoni Set To Undergo Fitness Test: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत बेहद चुनौतीपूर्ण रही है। अपने शुरुआती तीन मुकाबलों में राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार का सामना करने के बाद टीम अंक तालिका में सबसे नीचे है।
इस खराब शुरुआत के पीछे सबसे बड़ा कारण उनके अनुभवी विकेटकीपर-बैटर महेंद्र सिंह धोनी की गैरमौजूदगी रही है।
धोनी टूर्नामेंट से पहले पिंडली में खिंचाव के कारण मैदान से बाहर हैं और अब तक उन्होंने इस सीजन का कोई मैच नहीं खेला है। हालांकि, CSK के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धोनी अगले कुछ दिनों में फिटनेस टेस्ट देंगे और टेस्ट के नतीजों के आधार पर वे इस शनिवार को चेपॉक में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ CSK के अगले मैच में लौट सकते हैं।
MS Dhoni ने शुरू की बैटिंग प्रैक्टिस
सूत्रों के मुताबिक, धोनी नेट्स में बैटिंग के लिए वापस आ चुके हैं और उन्हें फिलहाल कोई परेशानी नहीं हो रही। हालांकि, CSK का टीम मैनेजमेंट किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता और 44 साल के इस दिग्गज खिलाड़ी को वापसी के लिए जल्दबाज़ी नहीं करने देगा। फिलहाल धोनी स्क्वॉड के साथ यात्रा भी नहीं कर रहे हैं।
धोनी की अनुपस्थिति में चेन्नई का मिडिल-ऑर्डर काफी कमजोर दिखा है और टीम को बड़े स्कोर बनाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उनके अनुभव और आक्रामक बल्लेबाजी की कमी टीम की हार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। धोनी की गैरमौजूदगी में गेंदबाज भी अपना शत प्रतिशत योगदान नहीं दे पा रहे हैं।
MS Dhoni जल्द फिट होकर लौटेंगे मैदान पर
CSK के हेड कोच ने भी उम्मीद जताई कि धोनी अगले मैच तक पूरी तरह फिट होकर मैदान पर लौटेंगे। फ्लेमिंग ने कहा, “हमें उम्मीद है कि वह अगले गेम के लिए ठीक हो जाएगा। अगले गेम के बीच हमारे पास पांच दिन हैं। हम कंजर्वेटिव रहे हैं और उम्मीद है कि अगले पांच दिन हमारी योजना के मुताबिक अच्छे रहेंगे, और वह खेलने के लिए तैयार है।”
इस सीज़न के बाद अपने आईपीएल करियर के आखिरी दौर में हैं और यह भी उम्मीद जताई जा रही है कि यह उनके करियर का अंतिम सीज़न होगा। CSK के लिए उनकी वापसी टीम की उम्मीदों को मजबूत करने के साथ-साथ प्लेऑफ की राह आसान बनाने में भी अहम साबित होगी।
दिल्ली के खिलाफ ब्रेविस की भी होगी वापसी
इस सीज़न की शुरुआत में CSK को केवल धोनी ही नहीं बल्कि डेवाल्ड ब्रेविस की भी कमी झेलनी पड़ी। ब्रेविस ट्रेनिंग सेशन के दौरान साइड स्ट्रेन के कारण शुरुआती तीन मैचों से बाहर रहे। वो भी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ वापसी कर सकते हैं। अब टीम की नजरें अपने अनुभवी और टैलेंटेड खिलाड़ियों की वापसी पर टिकी हैं, ताकि अंक तालिका में ऊपर उठने की राह खुल सके।