IPL 2026 Points Table: GT की हार ने DC का कराया नुकसान, राजस्थान रॉयल्स फिर से नंबर 1

IPL 2026 Points Table after RR vs GT match: आईपीएल 10 टीमों का अखाड़ा है. ऐसे में यहां हर मैच के बाद समीकरण पलटते हैं. वैसे ही जैसे 4 अप्रैल को खेले 19वें सीजन के पहले डबल हेडर के बाद देखने को मिला. दिल्ली कैपिटल्स की बादशाहत कुछ घंटों में ही छिन गई. वहीं राजस्थान रॉयल्स फिर से नंबर 1 बन गई. अंक तालिका में दिल्ली कैपिटल्स की बादशाहत के छिने जाने में सबसे बड़ा योगदान गुजरात टाइटंस का रहा, जो राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबला 6 रन से हार गई.

IPL 2026 के पहले डबल हेडर के पहले ऐसी थी अंक तालिका

आईपीएल 2026 के पहले डबल हेडर के शुरू होने से पहले तक पॉइंट्स टेबल में पंजाब किंग्स नंबर 1 की पोजिशन पर थी. वहीं राजस्थान रॉयल्स दूसरे नंबर पर. जबकि RCB नंबर 3 की पोजिशन पर थी और दिल्ली कैपिटल्स चौथे नंबर पर. लेकिन, सीजन के पहले डबल हेडर के बाद समीकरण कैसे बदले, जरा वो जानिए.

ज्यादा देर नहीं टिकी DC की बादशाहत

IPL के 19वें सीजन के पहले डबल हेडर का पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया. इस मैच को दिल्ली कैपिटल्स ने 6 विकेट से जीता और अंक तालिका में सीधे चौथे से पहले स्थान पर पहुंच गई. वहीं टॉप पर काबिज पंजाब किंग्स दूसरे नंबर पर आ गई. जबकि राजस्थान रॉयल्स को तीसरे स्थान पर खिसकना पड़ा. लेकिन, दिल्ली कैपिटल्स को मिली बादशाहत ज्यादा देर तक नहीं टिकी.

GT की हार ने DC का कराया नुकसान

4 अप्रैल को डबल हेडर के दूसरे मुकाबले में गुजरात टाइटंस की हार के साथ ही उसे नंबर 1 की पोजिशन से दूसरे नंबर पर खिसकना पड़ गया. गुजरात टाइटंस को राजस्थान रॉयल्स ने उसी के घर में 6 रन से हराया. इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स फिर से नंबर 1 बन गई.

राजस्थान रॉयल्स फिर से नंबर 1

अंक तालिका में राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के 4-4 अंक है. इन सभी टीमों ने अब तक खेले अपने-अपने खेले दोनों मैच जीत लिए हैं. मगर रन रेट में फर्क के चलते अंक तालिका में इनकी पोजिशन में भी अंतर है. नंबर 1 पर काबिज राजस्थान रॉयल्स की नेट रन रेट 2.233 है. वहीं दूसरे नंबर पर मौजूद दिल्ली कैपिटल्स का रन रेट 1.170 का है. पंजाब किंग्स का रन रेट 0.637 है और वो तीसरे नंबर पर है. चौथे नंबर पर मौजूद RCB ने अभी तक एक मैच खेला है और उसमें जीत के साथ उसके 2.907 का रन रेट है.

सबसे आखिरी पायदान पर CSK

19वें सीजन के पहले डबल हेडर में हारने वाली टीमों में मुंबई इंडियंस को एक स्थान का नुकसान हुआ है. वो 5वें से छठे नंबर पर खिसक गई है. वहीं गुजरात टाइटंस पहले की ही तरह 7वें नंबर पर है. पॉइंट्स टेबल में सबसे आखिरी स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स है. वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स 9वें नंबर पर है.