राजस्थान रॉयल्स ने भले ही 2008 के बाद दोबारा अभी तक आईपीएल का खिताब नहीं जीता हो लेकिन इस टीम ने इतने सालों में कई बेहतरीन युवा खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट को दिए हैं. खास तौर पर बैटिंग के मोर्चे पर तो राजस्थान ने युवा नगीनों को तराशा है और दो ऐसे ही बेहतरीन बल्लेबाज इस वक्त राजस्थान की बैटिंग की जान हैं और रिकॉर्ड बना रहे हैं. ये हैं यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी, जिनकी जोड़ी पिछले सीजन ही बनी और अब इस लीग की सबसे विस्फोटक ओपनिंग जोड़ियों में से है. अब दोनों के नाम एक खास रिकॉर्ड होने जा रहा है, जिसे वो सिर्फ एक गेंद में हासिल कर सकते हैं.
शनिवार 4 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स का सामना गुजरात टाइटंस से होना है. इस मैच में एक बार फिर सारा ध्यान वैभव सूर्यवंशी पर होगा, जो सिर्फ 14 साल की उम्र में डेब्यू करने के बाद से ही तहलका मचा रहे हैं. मगर सिर्फ वैभव ही नहीं, बल्कि उनके सीनियर पार्टनर यशस्वी जायसवाल पर भी नजरें रहेंगी जो बीते 3-4 सीजन से अपने बल्ले का जलवा आईपीएल में दिखा रहे हैं और इंटरनेशनल क्रिकेट में भी हिट हो चुके हैं.
यशस्वी और वैभव ने बतौर बल्लेबाज अपनी अलग-अलग पहचान और नाम तो बनाया ही है लेकिन अब दोनों एक ओपनिंग पार्टनरशिप के तौर पर भी खास जगह बनाते दिख रहे हैं. इस दिशा में उनके पास एक खास रिकॉर्ड बनाने का मौका है, जो अभी तक वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के नाम दर्ज है. गुजरात के खिलाफ जब वैभव और यशस्वी बैटिंग के लिए उतरेंगे तो उन्हें सिर्फ 3 रन की जरूरत होगी और ऐसा करते ही दोनों सबसे तेजी से 500 रन बनाने वाली ओपनिंग जोड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे.
वैभव और यशस्वी ये उपलब्धि वो पहली गेंद पर चौका जमाकर भी हासिल कर सकते हैं. दोनों ने अभी तक सिर्फ 246 गेंदों में 497 रन अपनी ओपनिंग पार्टनरशिप में जोड़े हैं. वहीं सहवाग और गंभीर (दिल्ली) ने 309 गेंदों में ये उपलब्धि हासिल की थी. यानि यशस्वी-वैभव के पास इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए पर्याप्त वक्त है. आंकड़े बताते हैं कि दोनों ने 200 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट के साथ ये रन बनाए हैं.