आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट का एक्शन भी जारी है, जहां वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच खेली गई टी20 और वनडे सीरीज एकतरफा नतीजे के साथ खत्म हुई. वेस्टइंडीज में खेली गई ये पूरी सीरीज ऑस्ट्रेलिया के नाम रही, जहां टी20 सीरीज के बाद मेहमान टीम ने वनडे सीरीज में भी क्लीन स्वीप कर दिया. आखिरी वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने मेजबान वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हरा दिया और इस तरह पूरे दौरे का 6-0 से क्लीन स्वीप किया. आखिरी मैच की स्टार रहीं लेग स्पिनर एलाना किंग, जिन्होंने सिर्फ 19 रन देकर 5 विकेट झटके. हालांकि, फिर भी वो अपना ही रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाईं.
एलाना किंग की स्पिन का फिर कमाल
सेंट किट्स के वॉर्नर पार्क में 2 अप्रैल को खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे मैच में एलाना किंग की स्पिन का ये जादू देखने को मिला. वेस्टइंडीज ने इस मैच में पहले बैटिंग की लेकिन पूरी टीम 35.4 ओवर में सिर्फ 136 रन पर ढेर हो गई. वेस्टइंडीज का ये हाल किया किंग ने. इस अनुभवी स्पिनर ने अपने 10 ओवर के स्पैल में सिर्फ 19 रन खर्चे. इसमें भी उनकी 60 में से 44 गेंदों पर तो विंडीज बल्लेबाज एक भी रन नहीं बटोर सके. ऐसी किफायती गेंदबाजी के साथ ही एलाना किंग ने 5 विकेट भी झटके, जिसमें कप्तान हेली मैथ्यूज का बड़ा विकेट भी था.
एलाना किंग के वनडे करियर में ये तीसरा मौका है, जब उन्होंने एक पारी में 5 विकेट अपने नाम किए. हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के लिए 53 मैच खेल चुकीं एलाना इतने शानदार प्रदर्शन के बावजूद अपना ही एक रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकीं. ये है एक पारी में सबसे ज्यादा विकेट का रिकॉर्ड. ऑस्ट्रेलिया के लिए एक पारी में बेस्ट बॉलिंग का रिकॉर्ड एलाना किंग के नाम ही है, जिन्होंने एक मैच में 10 ओवर में सिर्फ 18 रन दिए थे और 7 विकेट झटके थे. ये कमाल उन्होंने पिछले साल वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ किया था. हालांकि, ये उनके करियर का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. इसके अलावा उन्होंने एक बार इंग्लैंड के खिलाफ 42 रन देकर 5 विकेट लिए थे.
ऑस्ट्रेलिया की आसान जीत
जहां तक मैच की बात है तो ऑस्ट्रेलिया ने ये लक्ष्य सिर्फ 1 विकेट खोकर ही 19.4 ओवर में हासिल कर लिया. टीम के लिए एक बार फिर ओपनर फीबी लिचफील्ड ने विस्फोटक बल्लेबाजी की और 56 गेंदों में नाबाद 68 रन बनाए. ये इस सीरीज में उनका दूसरा अर्धशतक था. उन्होंने पहले मैच में 77 और दूसरे वनडे में 46 रन बनाए थे. इस प्रदर्शन के लिए ही उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया. लिचफील्ड के अलावा इस मैच में जॉर्जिया वॉल ने 23 और एलिस पैरी ने 33 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया.