PSL में डेविड वॉर्नर का अपने ही साथी से झगड़ा, मैच के बाद हुआ ड्रामा, Viral Video पर दी ये सफाई

पाकिस्तान में क्रिकेट मैच चल रहा हो और उसमें ड्रामा न हो, ऐसा होता कहां है भला. एक तरफ जहां भारत में आईपीएल 2026 सीजन जोरदार अंदाज में आगे बढ़ रहा है, वहीं पाकिस्तान में भी उसी वक्त में PSL का 11वां सीजन खेला जा रहा है. अब IPL में तो सिर्फ क्रिकेट एक्शन सुर्खियां बटोर रहा है लेकिन पाकिस्तानी लीग में रोज नया बवाल हो रहा है. बॉल टेंपरिंग और विवादित सोशल मीडिया पोस्ट जैसे बवालों के बाद अब कराची किंग्स के कप्तान डेविड वॉर्नर के झगड़े का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो भी वायरल हो गया है. ये झगड़ा किसी और से नहीं बल्कि अपने ही टीममेट मोईन अली से हुआ है.

आईपीएल में सेलेक्ट न होने के बाद पाकिस्तानी लीग PSL में पहुंचे ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज डेविड वॉर्नर और इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर मोईन अली एक ही टीम से खेल रहे हैं. दोनों ही कराची किंग्स के लिए खेल रहे हैं और मिलकर टीम को शुरुआती तीनों मैच जिता चुके हैं. इसमें से तीसरी जीत गुरुवार 2 अप्रैल को रावलपिंडीज के खिलाफ आई, जहां वॉर्नर की कप्तानी वाली कराची ने 198 रन का लक्ष्य भी हासिल कर लिया और 5 विकेट से जीत दर्ज की.

मैच के बाद वॉर्नर-मोईन में झगड़ा?

इस जीत से कराची के खिलाड़ी और फैंस तो खुश थे लेकिन मैच खत्म होते ही जो नजारा दिखा, उसने हर किसी को हैरान कर दिया. असल में सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें मैच खत्म होने के बाद कराची के खिलाड़ी हाथ मिलाने के लिए मैदान पर उतरे हैं. इसी दौरान कप्तान वॉर्नर आक्रामक तरीके से अपने टीममेट मोईन की ओर बढ़ रहे हैं और लगातार कुछ बोल रहे हैं. मोईन हैरान होकर उन्हें देख रहे हैं. ऐसे में टीम के डाइरेक्टर हैदर अजहर बीच-बचाव करने आते हैं और वॉर्नर को दूर लेकर जाते हैं. वॉर्नर फिर भी कुछ न कुछ बोल रहे हैं, जबकि हैदर फिर मोईन अली से बात करने जाते हैं.

सफाई में क्या बोले कराची के कप्तान?

इसे देखकर सब चौंक गए हैं कि किस बात पर इन दोनों स्टार खिलाड़ियों में टकराव हुआ है. ये वीडियो इतना शेयर किया जा रहा है कि डेविड वॉर्नर और हैदर अजहर तक की नजर इस पर पड़ गई और उन्होंने इसे हल्के-फुल्के अंदाज में टालने की कोशिश की. एक ट्वीट को रिपोस्ट करते हुए वॉर्नर ने सफाई में लिखा, “मैंने हैदर अजहर से कहा कि वो पहले जाएं और जाकर हाथ मिलाएं.”

वहीं हैदर अजहर ने किसी भी तरह के विवाद या झगड़े की बात को गलत बताया और कहा, “ये सच नहीं है. वो दोनों मेरा मजाक उड़ा रहे थे.”

वायरल वीडियो को देखकर तो वॉर्नर और हैदर के स्पष्टीकरण पर यकीन करना मुश्किल नजर आ रहा है. इस वीडियो में कहीं से भी हंसी-मजाक नहीं दिख रहा है और हैदर बीच-बचाव करते हुए ही नजर आ रहे हैं. अब कराची किंग्स के फैन तो यही उम्मीद करेंगे कि ये ज्यादा बड़ा मसला न हो और टीम के प्रदर्शन पर इसका असर नहीं पड़ना चाहिए.