NZ Women vs ZIM Women: न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज 3-0 से अपने नाम की. सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला गया. इस मैच में न्यूजीलैंड की टीम ने एक तूफानी जीत हासिल की. यह जीत बेहद एकतरफा रही, जहां न्यूजीलैंड ने टारगेट को सिर्फ 5.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया. इसी के साथ न्यूजीलैंड की टीम सीरीज क्लीन स्वीप करने में कामयाब रही.
जिम्बाब्वे की बल्लेबाजों का बुरा हाल
इस मैच में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन उनकी शुरुआत काफी खराब रही. न्यूजीलैंड की गेंदबाजों ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा. जिम्बाब्वे की टीम ने 20 ओवर में सिर्फ 64 रन बनाए और 9 विकेट गंवाए. कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया. जिम्बाब्वे की ओर से एडेल जिमुनु और ऑड्रे माजविशाया ने 20-20 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज जल्दी-जल्दी आउट होती गई. इस पारी के दौरान जिम्बाब्वे की 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकीं.
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की स्पिनर नेन्सी पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 8 रन खर्च किए और 3 विकेट अपने नाम किए, जो मैन ऑफ द मैच भी चुनी गईं. इनके अलावा जेस केर ने 2 सफलता अपने नाम कीं. अमेलिया केर और मैडी ग्रीन ने भी 1-1 बल्लेबाज को अपना शिकार बनाया.
सिर्फ 34 गेंदों में हासिल किया टारगेट
टारगेट का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड ने कोई जोखिम नहीं लिया और पावरप्ले में ही जीत अपने नाम कर ली. इसाबेला गेज ने 20 गेंदों पर 38 रन और इजी शार्प ने 14 गेंदों पर 18 रन की तेज पारियां खेलीं. दोनों ने मिलकर टीम को आसान जीत दिलाई. न्यूजीलैंड ने सिर्फ 5.4 ओवर में 65 रन बनाकर मुकाबला खत्म कर दिया. इससे पहले सीरीज के शुरुआती मैच में न्यूजीलैंड ने 92 रन से और दूसरे में 110 रन से जीत हासिल की थी.