क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में शनिवार (31 अक्टूबर) से इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेले जा रहे दूसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच में भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल का खराब फॉर्म जारी रहा।
वह चार गेंदों का सामना करने के बाद पहले ही ओवर में बिना खाता खोले आउट हो गए। न्यूजीलैंड ए के फील्डिंग चुनने के बाद बल्लेबाजी की शुरुआत करने आए जायसवाल को पहले ही ओवर में तेज गेंदबाज फ्रेजर शीट ने आउट कर दिया।
तीसरे नंबर पर उतरे देवदत्त पडिक्कल और ओपनर साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 91 रन जोड़कर इंडिया ए की पारी को कुछ मजबूती दी। सुदर्शन 41 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पडिक्कल ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 140 गेंदों में 80 रन बनाए। इसके बाद इंडिया ए का मिडिल ऑर्डर लड़खड़ा गया और टीम 137 रन पर 5 विकेट गंवा बैठी। न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 नवंबर से 2 मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले यशस्वी जायसवाल का खराब फॉर्म भारत के लिए चिंता का विषय है।
पहले अनाधिकारिक टेस्ट में भी फेल रहे जायसवाल
24 साल के इस खिलाड़ी ने अगस्त के बाद से रेड-बॉल फॉर्मेट में कोई अर्धशतक नहीं लगाया है। पिछले हफ्ते न्यूजीलैंड ए के खिलाफ चार दिन के मैच में जायसवाल ने 17 और 5 रन बनाए। इस महीने की शुरुआत में रणजी ट्रॉफी के अपने पहले मैच में चंडीगढ़ के खिलाफ मुंबई के लिए ओपनिंग करते हुए वह 13 गेंदों का सामना करने के बाद बिना खाता खोले आउट हो गए।
जायसवाल 4 बार डक पर आउट
श्रीलंका दौरे के बाद से जायसवाल नौ पारियों में से चार में बार बिना खाता खोले (डक पर) आउट हुए हैं। गॉल में श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में भी वह बिना खाता खोले आउट हो गए थे। ड्रॉ रही इस सीरीज की तीन पारियों में जायसवाल ने कुल 77 रन बनाए। उस टेस्ट से पहले एसएलसी XI के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में भी वह बिना खाता खोले आउट हुए थे।
वनडे टीम से बाहर जायसवाल
हाल ही में जायसवाल को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की वनडे टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें तीनों मैचों में खेलने का मौका नहीं मिला। हालांकि, 4 नवंबर से ऑकलैंड में शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए उन्हें टीम में जगह नहीं मिली है।
पडिक्कल शतक से चूके, इंडिया ए के 5 विकेट गिरे
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट के पहले दिन इंडिया ए ने 5 विकेट 137 रन पर गंवा दिए। पहले सत्र में उसने 26 ओवर में 1 विकेट खोकर 87 रन बनाए थे।