स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज मोहम्मद आकिब आगामी आईपीएल में डेब्यू के लिए तैयार हैं। 29 साल के तेज गेंदबाज को आईपीएल 2026 के लिए नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा था।
नबी की बेस प्राइस 30 लाख रुपये थी।
नबी ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि वो आगामी सीजन को लेकर उत्सुक हैं और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को तैयार हैं। 4 नवंबर 1996 को जन्में नबी ने साथ ही बताया कि जब दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें नीलामी में रिकॉर्ड कीमत पर खरीदा तो उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया था।
नबी ने क्या कहा
जब आईपीएल 2026 की नीलामी चल रही थी, तब मैं घर पर ही था। अगले दिन विजय हजारे ट्रॉफी के लिए कैंप में शामिल होना था। मेरा नाम आया तो बस मन में इतना था कि कोई फ्रेंचाइजी पैडल उठाकर मुझे खरीद ले क्योंकि आईपीएल का अनुभव हासिल करना था। दिल्ली कैपिटल्स ने जब 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा था, तो यह देखकर मेरे परिवार वाले भावुक हो गए। उन्हें देखकर मैं भी भावुक हो गया। फिर मैं अपने कमरे में चला गया। आस-पास में किसी को नहीं बताया था कि मैं घर पर हूं। खुद को कमरे में बंद कर लिया था। मैंने खिड़की से देखा कि आस-पास के लोग, मीडिया और लोगों का हुजूम घर पर लग गया। मेरे परिवार वाले भी इन्हें देखकर खुश हो गए। और सब जश्न मनाने लगे। यह देखकर मुझे भी बहुत अच्छा लगा। मगर मैं कमरे से बाहर नहीं निकला।
–
मोहम्मद नबी, जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज
अपनी ताकत को जानता हूं
मोहम्मद नबी ने बताया कि वो अपनी ताकत को अच्छी तरह जानते हैं और उस पर दमदार तरीके से मेहनत कर रहे हैं। नबी ने बताया कि उनकी ताकत शुरुआती ओवर में गेंद को स्विंग कराना है और उसी के आधार पर विकेट लेना है। ‘बारामूला एक्सप्रेस’ के नाम से मशहूर नबी ने कहा, ‘मेरी ताकत शुरुआती ओवरों में स्विंग कराकर विकेट निकालना है। मेरा ध्यान उसी पर रहेगा। यॉर्कर पर भी काम कर रहा हूं। मगर मैं अपनी स्ट्रेंथ से दूर नहीं जाऊंगा।’
क्या सुधार करना है
घरेलू क्रिकेट में ताबड़तोड़ प्रदर्शन करने वाले नबी ने कहा कि आईपीएल महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा, ‘मैंने सफेद गेंद क्रिकेट ज्यादा खेला नहीं है। प्रैक्टिस में भी नई गेंद से गेंदबाजी कर रहा हूं। मगर मेरा ध्यान अंतिम ओवरों में गेंदबाजी सुधारना है। अपनी यॉर्कर और वैरिएशन पर भी ध्यान दे रहा हूं। मेरी कोशिश जानदार प्रदर्शन करके दिल्ली कैपिटल्स को चैंपियन बनाने की होगी।’
फैंस के लिए संदेश
आकिब नबी ने दिल्ली कैपिटल्स के फैंस के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा, ‘सबको छोड़कर हमारी टीम को सपोर्ट करो। हमको आपके समर्थन और दुआओं की जरूरत है।’