नई दिल्ली: शेर ए पंजाब टी-20 लीग में भारतीय क्रिकेट के दो जिगरी दोस्त और दिग्गज बल्लेबाज शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा आपस में टकराते नजर आए। बचपन से एक साथ क्रिकेट सीखकर वर्ल्ड क्रिकेट पर छा जाने वाले इन दोनों सितारों का मोहाली में आमना-सामना हुआ।
भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल जहां फाजिल्का फाल्कन्स की कमान संभाल रहे थे वहीं आईसीसी रैंकिंग में तीसरे नंबर के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अमृतसर सूरमास की तरफ से मैदान में उतरे।
शुभमन गिल ने खेली दमदार पारी
इस हाईवोल्टेज मुकाबले में फाजिल्का फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 191 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए महज 35 गेंदों पर 8 चौकों और 3 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 67 रनों की आतिशी पारी खेली। हालांकि, पारी का 10वां ओवर काफी रोमांचक रहा जब अभिषेक शर्मा गेंदबाजी करने आए।
शुभमन गिल को अभिषेक को किया आउट
शुभमन गिल ने पहली गेंद पर सीधा छक्का, तीसरी पर चौका और पांचवीं गेंद पर फिर से छक्का जड़ा, लेकिन आखिरी गेंद पर बड़े शॉट के चक्कर में नमन धीर को कैच दे बैठे और अभिषेक ने गिल का विकेट लेकर बाजी मार ली। 192 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमृतसर सूरमास की टीम को अभिषेक शर्मा ने तूफानी शुरुआत दिलाई।
अभिषेक की भी शानदार पारी
अभिषेक ने महज 15 गेंदों पर 6 चौके और 4 छक्के उड़ाते हुए 49 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इससे पहले, इस सीजन का अपना पहला मैच खेल रहे शुभमन गिल ने लुधियाना लायंस के खिलाफ भी 21 गेंदों में 7 चौकों और 1 छक्के की बदौलत 40 रन बनाकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई थी।