520 रन, 15 विकेट, एक टी20 मैच में बन गए कई रिकॉर्ड, रमनदीप सिंह अनमोलप्रीत सिंह ने मचाई तबाही

मोहाली: शेर-ए-पंजाब T20 लीग 2026 के पहले मुकाबले में मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन आईएस बिंद्रा स्टेडियम में रनों की ऐसी आंधी आई जिसने टी-20 क्रिकेट के कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए।

अमृतसर सुरमा और मोहाली किंग्स के बीच खेले गए इस शानदार मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलकर 500 से अधिक रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया। दोनों टीमों ने मिलाकर कुल 520 रन बनाए। T20 क्रिकेट में आमतौर पर ऐसा देखने को नहीं मिलता, लेकिन उससे भी ज्यादा हैरान करने वाली बात यह रही कि 250 से ज्यादा रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए मोहाली किंग्स ने इस मुकाबले को 5 विकेट से अपने नाम कर लिया।

चौकों-छक्कों की हुई बरसात, 500 से ज्यादा रनों का बना रिकॉर्ड

इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में गेंदबाजों के लिए कोई जगह नहीं बची थी। पूरी पारी के दौरान दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने मैदान के चारों तरफ बाउंड्रीज की बरसात कर दी। मैच में चौकों और छक्कों का ऐसा तांडव देखने को मिला कि दर्शकों की सांसें थमी रहीं। अमृतसर सुरमा की ओर से पहले बल्लेबाजी करते हुए ताबड़तोड़ अंदाज में रन बटोरे गए, वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी मोहाली किंग्स ने भी उसी आक्रामक अंदाज में जवाब दिया।

अनमोलप्रीत सिंह का आतिशी शतक और रमनदीप सिंह का धमाकेदार प्रदर्शन

मोहाली किंग्स की ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े नायक रहे अनमोलप्रीत सिंह। 259 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मोहाली की टीम को अनमोलप्रीत ने अकेले दम पर संभाला और महज 51 गेंदों में 133 रनों की विस्फोटक शतकीय पारी खेल डाली, जिसमें 10 चौके और 12 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 260.78 का रहा। अनमोलप्रीत के अलावा कप्तान रमनदीप सिंह ने भी मोर्चे से अगुआई करते हुए 40 गेंदों पर नाबाद 69 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और टीम को 19.3 ओवर में 5 विकेट खोकर 262 रनों तक पहुंचाकर जीत दिला दी।

अभिषेक शर्मा की कप्तान वाली पारी गई बेकार

इससे पहले, अमृतसर सुरमा के कप्तान अभिषेक शर्मा ने भी क्रीज पर आते ही गदर मचा दिया था। अभिषेक शर्मा ने 296.15 के तूफानी स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए मात्र 26 गेंदों में 77 रन ठोके, जिसमें 6 चौके और 7 छक्के शामिल थे। उनके अलावा सहज धवन ने 18 गेंदों में 45 रन और नमन धीर ने 22 गेंदों में 47 रन बनाए। इन विस्फोटक पारियों के दम पर अमृतसर सुरमा ने 19.5 ओवरों में 258 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। हालांकि, अनमोलप्रीत सिंह और रमनदीप की आंधी के सामने अमृतसर के गेंदबाजों का बचाव धरा का धरा रह गया और अभिषेक शर्मा की यह तूफानी पारी बेकार साबित हुई।

Leave a Comment