Laura Cardoso: बीसीए कालाहारी महिला टी20 टूर्नामेंट में एक चौंकाने वाली घटना देखने को मिली. इस मैच में एक टीम सिर्फ 13 रन पर ऑलआउट हो गई. जिसकी वजह 21 साल की एक गेंदबाज रही. इस गेंदबाज ने मैच में कुल 9 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया और क्रिकेट की दुनिया में एक ऐसा कारनामा किया, जो इससे पहले कोई नहीं कर सका था. इस गेंदबाज ने मैच के दौरान 5 गेंदों पर लगातार 5 विकेट भी लिए, जो काफी कम देखने को मिलता है.
3 ओवर में झटके 9 विकेट
बीसीए कालाहारी महिला टी20 टूर्नामेंट के 14वें मैच में ब्राजील और लेसोथो की टीमों का आमना सामना हुआ. इस मैच में ब्राजील की तेज गेंदबाज लॉरा कार्डोसो ने T20I क्रिकेट में अनोखी उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने एक ही पारी में 9 विकेट लिए, जो पुरुष और महिला दोनों टी20I क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा देखने को मिला. इससे पहले पुरुष T20I में भूटान की सोनम येशे ने 8 विकेट लिए थे, वहीं, महिला टी20I में इंडोनेशिया की रोहमालिया रोहमालिया का 7 विकेट का रिकॉर्ड था. लॉरा ने इन दोनों को पीछे छोड़ दिया.
5 गेंदों पर लगातार 5 विकेट भी लिए
मैच में ब्राजील ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 202 रन बनाए. इसके जवाब में लेसोथो की टीम बुरी तरह ढह गई और सिर्फ 13 रन पर सिमट गई. पूरी पारी सिर्फ 6.2 ओवर ही चली. इस दौरान लॉरा कार्डोसो की गेंदबाजी कमाल की रही. उन्होंने अपने ओवर की आखिरी 3 गेंदों पर विकेट लेकर हैट्रिक पूरी की. वहीं, अपने अपने ओवर की पहली 2 गेंदों पर विकेट लेकर लगातार 5 गेंदों पर 5 विकेट लेने का कारनामा किया. उन्होंने अपने दूसरे ओवर में कुल 4 विकेट चटकाए. फिर तीसरे ओवर में दो और विकेट लेकर नौ विकेट पूरे किए. जिसके चलते ब्राजील ने इस मैच को 189 रनों से अपने नाम किया.
पहले भी सुर्खियां बटोर चुकी हैं लॉरा कार्डोसो
यह प्रदर्शन ब्राजील महिला क्रिकेट के लिए काफी खास है. लॉरा इससे पहले भी 2021 में 16 साल की उम्र में ब्राजील के लिए टी20I में हैट्रिक लेने वाली पहली खिलाड़ी बन चुकी हैं. अब एक पारी में 9 विकेट लेकर उन्होंने वर्ल्ड क्रिकेट में अपना नाम दर्ज करा लिया है. बता दें, इस टूर्नामेंट में सभी एसोसिएट टीमें हैं.