Syed Mushtaq Ali Trophy: भारतीय खिलाड़ी जितेश शर्मा और कृणाल पंड्या के शानदार प्रदर्शन की मदद से बड़ौदा ने रविवार को यहां सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप ए मैच में बंगाल को चार विकेट से हरा दिया।
इस जीत के साथ बड़ौदा (नेट रन रेट 2.3) पांच मैच में 16 अंक लेकर ग्रुप ए में शीर्ष पर पहुंच गया। राजस्थान के भी पांच मैच में 16 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट 1.8 होने के कारण वह दूसरे स्थान पर है। बंगाल की टीम पांच मैच में 12 अंक लेकर तीसरे स्थान पर बनी हुई है।
कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन की 46 गेंद में 10 चौके और दो छक्के जड़ित 78 रन की पारी की मदद से बंगाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 172 रन बनाए। ईश्वरन ने अपनी पारी के दौरान दो अहम साझेदारियां कीं। उन्होंने अभिषेक पोरेल (29) के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 रन और शाकिर गांधी (26) के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन जोड़े।
हालांकि स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर कृणाल ने पोरेल और सुदीप कुमार घरामी को आउट करके बंगाल की रन गति पर अंकुश लगाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए बड़ौदा की ओर से जितेश (29 गेंद में 54 रन), शाश्वत रावत (35 गेंद में 51 रन) और आक्रामक बल्लेबाज शिवालिक शर्मा (16 गेंद में 31 रन) ने अहम योगदान दिया।
मध्यम तेज गेंदबाज सयान घोष ने तीन विकेट लिए, लेकिन बंगाल के गेंदबाजों के पास टीम को जीत दिलाने के लिए स्कोरबोर्ड पर काफी रन नहीं थे। वहीं पूर्व चैंपियन कर्नाटक की टीम नॉकआउट चरण में जगह बनाने से चूक सकती है क्योंकि उसे चंडीगढ़ के खिलाफ सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
चंडीगढ़ ने कर्नाटक की पूरी टीम को महज 95 रन पर समेट दिया और फिर 13.5 ओवर में तीन विकेट पर 96 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कर्नाटक इस हार के बाद पांच मैच में आठ अंक के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर खिसक गया जबकि चंडीगढ़ एक स्थान ऊपर चढ़कर छठे स्थान पर पहुंच गया।
अक्षत रघुवंशी ने 21 गेंद पर 50 रन की आक्रामक पारी खेली जबकि कप्तान रजत पाटीदार और हर्ष गवली ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे मध्य प्रदेश ने रविवार को यहां सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप सी के एक रोमांचक मैच में महाराष्ट्र को पांच रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरे मध्य प्रदेश ने रघुवंशी की विस्फोटक पारी की मदद से नौ विकेट पर 208 रन बनाए।
रघुवंशी की पारी में सात चौके और तीन छक्के शामिल हैं। गवली ने 43 गेंदों में 55 रन का योगदान दिया, जबकि पाटीदार ने 18 गेंदों में 31 रन बनाए। महाराष्ट्र की तरफ से विवेक शेलार ने तीन और मुकेश ने दो विकेट लिए। महाराष्ट्र ने इसके जवाब में निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 203 रन बनाए। अर्शिन कुलकर्णी ने 26 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाकर महाराष्ट्र को मैच में बनाए रखा।
उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए। पृथ्वी साव (34 गेंदों पर 51 रन) और साहिल पारख (20 गेंदों पर 50 रन) ने तेजतर्रार पारियां खेली लेकिन वह अपनी टीम को लक्ष्य तक नहीं पहुंचा पाए। मध्य प्रदेश की तरफ से कुमार कार्तिकेय ने 33 रन देकर ऋषिकेश सोनावाने (12) और महाराष्ट्र के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (14) के महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए जबकि शिवांग कुमार ने साव को आउट किया। ग्रुप सी के अन्य मैचों में मोहाली में हिमाचल प्रदेश ने त्रिपुरा को 32 रन से जबकि न्यू चंडीगढ़ में केरल ने पुडुचेरी को 18 रन से हराया।