47-48 ओवर में जीत सकते थे, मैं गेम खत्म कर सकता था; तिलक वर्मा ने बताया पाकिस्तान के खिलाफ कहां फिसला मैच

तिलक वर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ भारत की हार का कारण बैटिंग में पार्टनरशिप ना होने को बताया है। 314 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए कप्तान तिलक वर्मा ने शतक जरूर जड़ा, मगर उन्हें दूसरे छोर से किसी का साथ नहीं मिला।

शहबाज अहमद ने अर्धशतक जड़ कुछ देर पारी को संभाला, मगर जब तेजी से रन बनाने की बारी आई तो वह भी विकेट देकर पवेलियन लौट गए। भारतीय बल्लेबाज पूरे 50 ओवर भी नहीं टिक पाए। पूरी टीम 49.1 ओवर में 265 के स्कोर पर सिमट गई। पाकिस्तान के लिए इस मैच में 3 बल्लेबाजों ने फिफ्टी लगाई थी, जिसके दम पर वह 300 पार का स्कोर हासिल कर भारत पर दबाव बनाने में कामयाब रहे।

47-48 ओवर में ही जीत सकता था भारत

तिलक वर्मा ने मैच के बाद कहा, “अभिषेक ने जिस तरह से शुरुआत की और बीच में जिस तरह से शाहबाज ने मेरे साथ पार्टनरशिप की, वह बहुत जरूरी था। लेकिन बदकिस्मती से, जब हम तेजी से रन बनाना चाहते थे, शाहबाज आउट हो गए। नहीं तो, अगर वह दो और ओवर रुक जाते, कुछ ऐसा ही, तो मैं गेम खत्म कर सकता था।

दूसरा हाफ, थोड़ा स्विंगिंग था, शुरू में दस ओवर। क्रेडिट उन दो फास्ट बॉलर्स को जाता है जिन्होंने बहुत अच्छी लाइन और लेंथ से बॉलिंग की। लेकिन उसी समय, हमने बीच में लगातार दो विकेट गंवा दिए। नहीं तो हम 48वें या 47वें ओवर में गेम जीत सकते थे।”

जब पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में तिलक वर्मा से उनकी बैटिंग के बारे में पूछा गया कि क्या यह आपकी कुछ समय से सबसे अच्छी बैटिंग है, जिम्मेदारी के साथ और यह पक्का करते हुए कि आप गेम को आखिर तक खींच रहे हैं?

इसके जवाब में उन्होंने कहा, “मैं नहीं कहूंगा, सर। मेरे लिए, सबसे अच्छा गेम जीतना है। अगर मैं गेम नहीं जीतूंगा, तो यह मेरे लिए सबसे अच्छा नहीं है। लेकिन मैं हमेशा जितना हो सके उतना गहरा जाना चाहता हूं। आज मैं उसी की तलाश में था। अगर कोई दूसरा बैट्समैन मुझे सपोर्ट कर पाता, तो मैं गेम खत्म कर सकता था। लेकिन यह मेरी चीज है। अगर आप टीम के कैप्टन हैं, तो आपको वह लोड और जिम्मेदारी लेनी चाहिए। तो हां, मुझे सच में ऐसा करना पसंद है। आखिर में, भगवान मेहरबान हैं और उन्होंने मुझे वह रन दिए हैं।”

कैसा रहा भारत बनाम पाकिस्तान मैच?

टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने माज सदाकत (59), हसन नवाज (79) और फरहान यूसुफ (56) की फिफ्टी के दम पर 313 रन बोर्ड पर लगाए। पाकिस्तान की पूरी टीम 49.2 ओवर में सिमट गई थी। इस स्कोर का पीछा करने उतरी भारतीय टीम भी पूरे 50 ओवर में टिक नहीं पाई और 49.1 ओवर में 265 सॉव पर ढेर हो गई। भारत की तरफ से तिलक वर्मा ने शतक जड़ा तो अभिषेक शर्मा ने 42 गेंद पर 6 चौकों और इतनी ही गगनचुंबी छक्कों की मदद से 70 सॉव की धुआंधार पारी खेली। वहीं शहबाज अहमद ने 56 रन बनाए।

Leave a Comment