38641 गेंदों पर 57वीं बार. जाते-जाते कमाल कर गए डीन एल्गर, क्रिकेट करियर की आखिरी पारी को बनाया यादगार

साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान डीन एल्गर ने अपने प्रोफेशनल क्रिकेट करियर की आखिरी पारी को शतक के साथ यादगार बनाया है. एल्गर ने कार्डिफ में खेले जा रहे काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन वन में एसेक्स और ग्लैमॉर्गन के बीच खेले जा रहे मुकाबले में अपनी आखिरी इनिंग खेलते हुए शतक जड़ा.

डीन एल्गर ने मुकाबले में फॉलोऑन खेल रही एसेक्स के लिए दूसरी पारी में 181 गेंदों का सामना कर 108 रन बनाए, जो कि उनके फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर का 57वां शतक रहा. उन्होंने 57 शतक की स्क्रिप्ट लिखने के लिए अपने 284 मैचों वाले फर्स्ट क्लास करियर में 38641 गेंदों का सामना किया.

डीन एल्गर के अपने प्रोफेशनल करियर की आखिरी पारी में जमाए शतक की बदौलत एसेक्स ने फॉलोऑन खेलते हुए अपनी दूसरी पारी में तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट पर 331 रन बना लिए थे. इससे पहले एसेक्स की पहली पारी 129 रन पर सिमट गई थी, जिसमें एल्गर का योगदान 11 गेंदों पर 2 रन का था.

ग्लैमॉर्गन ने मुकाबले में पहले बल्लेबाजी की थी और अपनी पहली पारी में 505 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. ग्लैमॉर्गन की ओर से असा ट्राइब ने 184 रन जबकि कप्तान किरन कार्लसन ने 107 रन बनाए थे. एसेक्स की टीम दूसरी पारी में ग्लैमॉर्गन से अब भी 45 रन पीछे हैं और उसके 5 विकेट बचे हैं. 4 दिनी मैच में अब आखिरी दिन का खेल बचा है. ऐसे में रोमांच बढ़ गया है.

डीन एल्गर की बात करें तो उन्होंने अपने प्रोफेशनल करियर में खेले 566 मैचों में 66 शतक के साथ 28000 से ज्यादा रन बनाए हैं.

Leave a Comment