29 चौके-छक्के… एलिसा हीली का वनडे करियर की आखिरी पारी में तूफान, सिर्फ इतनी गेंदों पर ठोके 158 रन

Alyssa Healy Hundred Before Retirement: ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम की दिग्गज एलिसा हीली ने अपने इंटरनेशनल करियर के आखिरी वनडे मैच में शानदार शतक लगाकर एक यादगार विदाई ली. भारत के खिलाफ होबार्ट के बैलेरीव ओवल में खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे मैच में एक तूफानी पारी खेली. उन्होंने भारतीय गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई और चौके-छक्कों की बारिश कर दी. उन्होंने इस साल की शुरुआत में ही अपने रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए कहा था कि भारत के खिलाफ होने वाली मल्टी फॉर्मेट सीरीज में वो आखिरी बार खेलती दिखेंगी. यानी दोनों टीमों के बीच खेला जाने वाला टेस्ट मैच उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच होगा.

एलिसा हीली ने ठोका तूफानी शतक

मैच की शुरुआत में ही एलिसा हीली जब बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरीं तो भारतीय महिला टीम ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया. फिर उन्होंने क्रीज पर उतरकर जमकर रन बनाए. एलिसा हीली ने सिर्फ 79 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया, जिसमें 18 चौके शामिल रहे. वह यहीं नहीं रुकीं और 98 गेंदों पर कुल 158 रन बनाए, जिसमें कई शानदार शॉट्स देखने को मिले. यह उनका आठवां वनडे शतक है और भारत के खिलाफ तीसरा. इस पारी के दौरान उन्होंने कुल 27 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. बता दें, एलिसा हीली साउथ अफ्रीका की जोहमरी लोगटेनबर्ग के बाद अपने आखिरी वनडे में शतक बनाने वाली सिर्फ दूसरी महिला क्रिकेटर बनीं हैं.

एलिसा हीली के इंटरनेशनल करियर की शुरुआत साल 2010 में हुई थी. उन्होंने कुल 126 वनडे खेले और 37.02 की औसत से 3777 रन बनाए. जिसमें 8 शतक के अलावा 19 अर्धशतक शामिल रहे. वहीं, एलिसा हीली टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को भी अलविदा कह चुकी हैं, इस फॉर्मेट में उन्होंने 162 मैचों में 3054 रन बनाए थे. इस फॉर्मेट में उनके नाम 17 अर्धशतक और 1 शतक शामिल है. हालांकि, उनका करियर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ, वह 6-9 मार्च को पर्थ में भारत के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया की जर्सी में नजर आएंगी.