पॉचेफस्ट्रूम (दक्षिण अफ्रीका) : बांग्लादेश ए के कप्तान तोहिद हृदय ने एक पारी में 350 रन बनाने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बनकर देश के फर्स्ट-क्लास नया इतिहास रच दिया है। यह यादगार पारी बुधवार को पॉचेफस्ट्रूम के NWC ओवल में खेली गई, जहां हृदय ने 2020 में बांग्लादेश को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने में मदद की थी।
चौथे दिन 204 रन से आगे खेलते हुए हृदय बांग्लादेश ए की पारी के आखिर तक डटे रहे और 481 गेंदों पर 27 चौकों और 10 छक्कों की मदद से नाबाद 350 रन बनाए।
उनकी पारी की बदौलत बांग्लादेश ए ने 8 विकेट पर 676 रन बनाकर पारी घोषित की, जिससे उन्हें 164 रनों की बढ़त मिली; इससे पहले साउथ अफ्रीका ए ने अपनी पहली पारी में 512 रन बनाए थे। मैच ड्रॉ होने से पहले साउथ अफ्रीका ए ने बिना किसी नुकसान के 18 रन बना लिए थे।
हृदय ने तमीम का रिकॉर्ड तोड़ा
हृदय की इस लंबी पारी ने उन्हें फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में तिहरा शतक लगाने वाला तीसरा बांग्लादेशी बल्लेबाज बना दिया। इससे भी बड़ी बात यह है कि उन्होंने तमीम इकबाल के नाबाद 334 और रकीबुल हसन के नाबाद 313 रनों के स्कोर को पीछे छोड़ते हुए किसी बांग्लादेशी बल्लेबाज द्वारा फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह देश के बाहर फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 300 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले बांग्लादेशी खिलाड़ी भी बन गए।
साउथ अफ्रीका के नजरिए से भी यह 350 रनों की पारी बहुत अहम थी। अब साउथ अफ्रीका में किसी विदेशी बल्लेबाज का फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर हृदय के नाम है। इस देश में फर्स्ट-क्लास पारी में 350 रनों का आंकड़ा पार करने वाले केवल एक और बल्लेबाज स्टीफन कुक हैं, जिन्होंने 390 रन बनाए थे।
अपनी पारी के बारे में बात करते हुए हृदय ने कहा कि इस प्रदर्शन से उन्हें काफी आत्मविश्वास मिला है और उन्हें यकीन हो गया है कि वह इंटरनेशनल लेवल पर भी ऐसा ही खेल दिखा सकते हैं। मैच के बाद हृदय ने कहा, ‘सच कहूं तो, इस पारी ने मुझे बहुत आत्मविश्वास दिया। मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी लेने के बाद मुझे लग रहा था कि एक दिन मैं नेशनल टीम के लिए भी ऐसी ही पारी खेलूंगा।’
तमीम ने रिकॉर्ड टूटने का किया स्वागत, हृदय को बधाई दी
तमीम इकबाल, जिनका 334 रन का स्कोर बांग्लादेश का सबसे बड़ा फर्स्ट-क्लास स्कोर था, ने हृदय का रिकॉर्ड टूटने पर तुरंत उन्हें बधाई दी। तमीम ने कहा कि किसी भी फर्स्ट-क्लास मैच में 350 रन बनाना एक शानदार उपलब्धि है, लेकिन दक्षिण अफ्रीका में ऐसा करना इसे और भी खास बनाता है। उन्होंने अपना रिकॉर्ड टूटने का स्वागत भी किया और हृदय की उपलब्धि को बांग्लादेशी क्रिकेट की तरक्की का संकेत बताया।
इसके बावजूद दक्षिण अफ्रीका ए ने चार मैचों की सीरीज 1-0 से जीती। मेजबान टीम ने प्रिटोरिया में पहला मैच पारी और 413 रनों से जीतकर दबदबा बनाया था, जबकि दूसरे मैच में हृदय के रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन की बदौलत बांग्लादेश हार से बच गया। अब दोनों टीमें 50-ओवर के फॉर्मेट में खेलेंगी, जिसमें 6 सितंबर से ब्लोमफोनटेन में तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी।