2027 ODI वर्ल्ड कप के लिए भारत की आधी टीम कंफर्म! आकाश चोपड़ा ने लिए 6 नाम

2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत की आधी टीम लगभग कंफर्म हो गई है. आकाश चोपड़ा ने पहली 6 पोजीशन पर खेलने वाले खिलाड़ियों का नाम चुना है. उन्होंने अपनी वर्ल्ड कप टीम से ऋषभ पंत को बाहर रखा है.

चोपड़ा का मानना है कि फॉर्म के आधार पर देखा जाए तो ईशान किशन को बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग के बैकअप ऑप्शन के तौर पर प्राथमिकता मिल सकती है.

पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का चयन गलत भी नहीं है, क्योंकि उन्होंने 6 जो बल्लेबाज चुने हैं उनके पास अनुभव, स्किल और वर्ल्ड कप खेलने का खूब सारा अनुभव है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि, ये सभी 6 खिलाड़ी बेहतरीन फॉर्म में हैं. उन्होंनर टॉप ऑर्डर की जिम्मेदारी रोहित शर्मा, शुभमन गिल और विराट कोहली को सौंपी है.

टॉप ऑर्डर – रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली

अपने यूट्यूब चैनल पर आकाश चोपड़ा ने कहा, “मैं जब बल्लेबाजी ऑर्डर को देखता हूं, 2023 और 2027 में कोई अंतर नहीं है. रोहित शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग करेंगे, जो 2023 की टीम में भी थे. दोनों अच्छी फॉर्म में हैं और उम्मीद करता हूं कि वर्ल्ड कप तक अच्छी फॉर्म कायम रखेंगे. विराट कोहली नंबर-3 पर होंगे और मुझे नहीं लगता कि उनकी फॉर्म अगले एक साल तक बहस का मुद्दा बनेगी.”

साल 2026 की बात करें तो रोहित, विराट और गिल, वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की टॉप-5 सूची में शामिल हैं. गिल फिलहाल टॉप पर हैं. भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर की यह फॉर्म अच्छे से अच्छे गेंदबाजी अटैक की धज्जियां उधेड़ने में सक्षम है.

चार, पांच और 6 पर कौन?

आकाश चोपड़ा ने नंबर-4 के लिए श्रेयस अय्यर का नाम लिया. बेशक अय्यर फिलहाल व्हाइट बॉल फॉर्मेट में दुनिया के सबसे बेहतरीन मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाजों में से एक हैं. अय्यर ने वनडे में चौथे क्रम पर 47 से अधिक के औसत से 2000 रन बनाए हैं. वहीं पांचवें क्रम का भार केएल राहुल पर होगा, जो विकेटकीपर की पहली चॉइस भी होंगे. नंबर-5 पर राहुल का ODI औसत 68.58 का है. इस बल्लेबाजी क्रम पर राहुल ने अब तक 4 शतक और 10 फिफ्टी लगाई हैं.

हार्दिक को कभी खराब फॉर्म में नहीं देखा

हार्दिक पांड्या फिलहाल चोट से जूझ रहे हैं और IPL 2026 के बाद उन्होंने कोई प्रोफेशनल क्रिकेट नहीं खेला है. उनका न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी सीरीज में भी खेल पाना मुश्किल प्रतीत हो रहा है. फिर भी आकाश चोपड़ा का मानना है कि हार्दिक वर्ल्ड कप में नंबर-6 के लिए सबसे बढ़िया विकल्प होंगे. चोपड़ा ने कहा कि उन्होंने हार्दिक को कभी बेकार फॉर्म में नहीं देखा है और उनका नंबर-6 पर खेलना बेहद महत्वपूर्ण होगा.

Leave a Comment