20 रन से जीत गया था इंग्लैंड, खिलाड़ियों ने मिला रहे थे हाथ; तभी आया बाजी पलट जाने वाला ट्विस्ट

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच रविवार 25 अक्टूबर को ट्राई नेशन वनडे सीरीज का चौथा मुकाबला खेला गया, जिसमें इंग्लैंड की टीम ने 241 रन बनाए थे, लेकिन 242 रन बनाने में पाकिस्तान के हाथ-पैर फूल गए थे।

हालांकि, जीत फिर भी पाकिस्तान को मिली। एक विकेट से मेजबान टीम ने जीत दर्ज की, लेकिन एक समय ऐसा भी था, जब इंग्लैंड की टीम 20 रन से मुकाबला जीत गई थी। टीवी पर और स्मार्टफोन पर साफ-साफ लिखा आ गया था कि इंग्लैंड को 20 रन से जीत मिल गई है, लेकिन फिर एक ट्विस्ट आया और मैच पलट गया।

दरअसल, पाकिस्तान की टीम जब रन चेज कर रही थी तो 221 रन पर जाकर गस एटकिंसन ने शादाब खान को एक यॉर्कर गेंद पर lbw आउट कर दिया था। अंपायर ने बिना देरी किए अपनी उंगली उठा दी थी। शादाब खान भी मायूस हो गए थे, क्योंकि उनका शतक पूरा नहीं हुआ था और न ही पाकिस्तान की टीम जीत पाई थी। उधर, इंग्लैंड के खिलाड़ी उनसे हाथ मिलाने लग गए थे, लेकिन फिर आया मैच में ट्विस्ट। पाकिस्तान के पास एक रिव्यू था, जिसे शादाब खान ने टी बनाकर ले लिया और फिर जो हुआ, उसने सभी को चौंका दिया।

थर्ड अंपायर ने चेक किया कि गेंद तो गस एटकिंसन की एकदम सीधी है, लेकिन बल्ले का बहुत ही महीन किनारा लगा है। अल्ट्राएज में साफ दिख गया कि बल्ले का कुछ हिस्सा गेंद से लगा है और ऐसे में वे lbw आउट नहीं होंगे। स्टेडियम में लगे बड़े टीवी पर इसके विजुअल सामने आए और फिर मैदानी अंपायर ने अपना फैसला बदला तो फिर पूरा स्टेडियम गूंज उठा। इंग्लैंड के प्लेयर हैरान थे कि आखिर ऐसा कैसे हो गया। खुद शादाब को भी नहीं पता था कि उनका बल्ला लगा है। इसके बाद पाकिस्तान के लिए शादाब खान ने शतक जड़ा और फिर टीम को जीत भी दिलाई।

 

 

पाकिस्तान को मिली फाइनल में एंट्री

पाकिस्तान की टीम इस जीत के साथ इस ट्राई नेशन वनडे सीरीज के फाइनल में पहुंच गई है। एक मुकाबला अभी पाकिस्तान का बाकी है, लेकिन उस मैच के नतीजे पर इंग्लैंड का भाग्य अटका हुआ है। अगर श्रीलंका ने पाकिस्तान को हरा दिया तो फिर श्रीलंका की टीम इस त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में पहुंच जाएगी और अगर पाकिस्तान ने जीत दर्ज की तो फिर इंग्लैंड के पास एक चांस होगा कि वे भी फाइनल में पहुंचे, क्योंकि फिर श्रीलंका वर्सेस इंग्लैंड मैच एक तरह से सेमीफाइनल मैच होगा।

Leave a Comment