Vaibhav Sooryavanshi: पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल के मैदान पर हुए विवादों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने आईसीसी और बीसीसीआई को टैग करते हुए कहा कि अगर युवा खिलाड़ियों को इस तरह के व्यवहार के लिए बार-बार आसानी से जाने दिया गया, तो उन्हें अपनी गलती दोहराने के लिए ही बढ़ावा मिलेगा।
मांजरेकर ने खास तौर पर वैभव और यशस्वी के मामलों का जिक्र किया।
मांजरेकर की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर वैभव सूर्यवंशी के नाम वाले एक्स अकाउंट से एक पोस्ट वायरल हो गई। पोस्ट में मांजरेकर को निशाने पर लेते हुए लिखा गया कि दूसरों को सलाह देने से पहले पूरी कहानी जान लेनी चाहिए।
कई प्रशंसकों ने जोरदार जवाब माना। उनको वास्तव में ऐसा लगा कि यह खुद वैभव की तरफ से मांजरेकर को दिया गया करारा जवाब है। लोगों ने उनके ट्वीट का स्क्रीन शॉट भी जमकर वायरल कर दिया। थोड़ी पड़ताल के बाद इसकी सच्चाई सामने आई।
वैभव ने खुद नहीं दिया जवाब
पड़ताल में सामने आया कि यह अकाउंट वैभव सूर्यवंशी का आधिकारिक अकाउंट नहीं है। इसे फैन का अकाउंट बताया गया है और यह वैभव की ओर से संचालित नहीं है। मई में भी वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने स्पष्ट किया था कि वैभव का आधिकारिक रूप से केवल इंस्टाग्राम अकाउंट है और उनके नाम से चल रहे कई अन्य खाते फर्जी हैं। इस अकाउंट के ऊपर यह लिखा भी था कि फैन पेज है। हैरान करने वाली बात यह है कि सूर्यवंशी के इस फैन पेज को लाख से भी ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
क्या था यह पूरा मामला
दरअसल जून में इंडिया ए के लिए श्रीलंका गए वैभव सूर्यवंशी को श्रीलंकाई प्लेयर्स ने उकसाया था। इसके बाद वैभव की झड़प हो गई थी। सूर्यवंशी उस खिलाड़ी के करीब चले गए थे। ऐसा ही कुछ मौजूदा कोलंबो टेस्ट के दौरान यशस्वी जायसवाल के साथ हुआ। वह भी श्रीलंकाई प्लेयर द्वारा उकसाने से उससे टकरा गए थे। बीसीसीआई ने दोनों मामलों में कुछ नहीं किया, इस पर संजय मांजरेकर ने प्रतिक्रिया देते हुए कड़ा एक्शन लेने की मांग की। उन्होंने एक्स पर सूर्यवंशी और जायसवाल को निशाना बनाया, तो फैन ने वापस सूर्यवंशी के पेज वाले अकाउंट से जवाब दे दिया।