आईपीएल 2026 का रोमांच चरम पर है और इस बीच पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने सुझाव दिया है कि इस खेल को और रोमांचक बनाने के लिए कुछ और नियम बदलने का सुझाव दिए हैं. अगर ऐसा हो गया तो क्रिकेट में क्रांतिकारी बदलाव आ सकते हैं. आईपीएल में बल्लेबाज अकसर गेंदबाजों पर भारी नजर आते हैं. पिच पाटा होती हैं और बल्लेबाज छक्कों की बारिश करते नजर आते हैं लेकिन इस खेल में संतुलन बनाने के लिए आकाश चोपड़ा ने बीसीसीआई को गजब सुझाव दिए हैं.
आकाश चोपड़ा का पहला सुझाव
आईपीएल में एक बड़ा बदलाव जो आकाश चोपड़ा चाहते हैं वो है गेंदबाज को एक्स्ट्रा ओवर. आकाश चोपड़ा का कहना है कि अगर किसी गेंदबाज को 3 या उससे ज्यादा विकेट मिलते हैं तो उसे एक एक्स्ट्रा ओवर मिलना चाहिए. टी20 क्रिकेट में एक गेंदबाज 4 से ज्यादा ओवर नहीं कर सकता लेकिन आकाश के सुझाव के मुताबिक 3 विकेट लेने के बाद गेंदबाज को पांचवां ओवर फेंकने की इजाजत होनी चाहिए.
आकाश चोपड़ा का दूसरा सुझाव
आकाश चोपड़ा का कहना है कि आईपीएल में लीग स्टेज के दौरान अगर किसी टीम को बड़ी जीत मिलती है तो उसे एक एक्स्ट्रा पॉइंट मिलना चाहिए. अगर कोई टीम 15-16 ओवर में जीत हासिल कर लेती है या फिर डिफेंड करते हुए 40 या उससे ज्यादा रनों से मैच जीत जाती है तो उसे 2 की जगह 3 प्वाइंट मिलने चाहिए.
आकाश चोपड़ा का तीसरा सुझाव
आकाश चोपड़ा का तीसरा सुझाव ये है कि अगर कोई बल्लेबाज 100 मीटर का छक्का लगाता है तो उसकी टीम को 6 की जगह 8 रन मिलने चाहिए. आकाश चोपड़ा के मुताबिक खिलाड़ी बड़ा छक्का मारने के फेर में आउट भी हो सकते हैं और इससे मैच में और रोमांच बढ़ सकता है. आकाश चोपड़ा के ये तीन सुझाव रोमांचक तो लग रहे हैं अगर बीसीसीआई इनपर विचार करती है तो जाहिर तौर पर इससे आईपीएल को फायदा हो सकता है.