10 मैचों में 60 विकेट… आकिब नबी ने फिर खोला पंजा, इतिहास रचने की ओर जम्मू-कश्मीर

Auqib Nabi, Ranji Trophy Final: रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में जम्मू-कश्मीर और कर्नाटक की टीमें सामने-सामने हैं. हुबली के केएससीए क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे इस मैच में जम्मू-कश्मीर अभी तक हावी रही है. पहली बार रणजी ट्रॉफी का फाइनल खेल रही जम्मू-कश्मीर की टीम इतिहास रचने की ओर बढ़ रही है और पहली पारी में बढ़त हासिल कर चुकी है. जम्मू-कश्मीर के गेंदबाज आकिब नबी एक बार फिर अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे और पहली बारी में पंजा खोल दिया.

आकिब नबी ने फिर बरपाया कहर

इस मैच में जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 584 रन बनाए. इसके जवाब में कर्नाटक की पहली पारी 293 रनों पर सिमट गई, जिससे जम्मू-कश्मीर को 291 रनों की बड़ी बढ़त मिली है. ऐसे में अगर ये मुकाबला ड्रॉ होता है तो जम्मू-कश्मीर का पहला बार रणजी ट्रॉफी जीतना तय है. इस पारी में जम्मू-कश्मीर के गेंदबाज आकिब नबीने कमाल की गेंदबाजी की, जिसके चलते कर्नाटक की पारी सस्ते में ढेर हो गई.

आकिब नबी ने 23 ओवर में 7 मेडन के साथ सिर्फ 54 रन देकर 5 विकेट झटके. इस दौरान नबी ने केएल राहुल को कैच आउट करवाया, करुण नायर को बोल्ड किया, रविचंद्रन स्मरण को विकेटकीपर के हाथों कैच कराया, मयंक अग्रवाल को एलबीडब्ल्यू किया और शिखर शेट्टी को भी एलबीडब्ल्यू कराकर अपना पांच विकेट हॉल पूरा किया. आकिब नबी के आगे कर्नाटक के स्टार बल्लेबाज फ्लॉप नजर आए.

आकिब नबी बने नंबर-1

आकिब नबी ने इस सीजन में 10 मैच खेलते हुए 60 विकेट अपने नाम कर लिए हैं, जो इस सीजन में बाकी गेंदबाजों के मुकाबले सबसे ज्यादा है. वह हर एक बड़े मुकाबले में टीम के लिए बड़े मैच विनर साबित हो रहे हैं. क्वार्टर फाइनल मैच में उन्होंने कुल 12 विकेट हासिल किए थे. सेमीफाइनल में भी वह 9 विकेट चटकाने में कामयाब रहे थे और अब फाइनल की पहली पारी में भी पंजा खोल दिया है. आकिब नबी का ये दमदार प्रदर्शन उन्हें टीम इंडिया में भी एंट्री दिला सकता है, जो एक बड़े दावेदार बन गए हैं.