India vs West Indies 1st ODI: सेलेक्शन को लेकर सवाल और बवालों के बीच रोहित शर्मा के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत कोई खास नहीं रही. तिरुवनंतपुरम में वनडे सीरीज के पहले मैच में रोहित ने अपने बल्ले से कुछ दमदार शॉट्स लगाए लेकिन उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चली.
खास तौर पर जिस अंदाज में वो आउट हुए, उसने परेशान किया. वनडे क्रिकेट में बतौर ओपनर अपनी 200वीं पारी को रोहित यादगार बनाने में नाकाम रहे और 32 रन बनाकर आउट हो गए.
अच्छी शुरुआत की, जीवनदान भी मिला
में भारतीय टीम 296 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी. रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत दिलाई. दोनों ने शुरुआती 3-4 ओवर में संभल कर खेला और फिर हाथ खोले. ज्यादातर मौकों की तरह एक बार फिर रोहित ने ही पहले आक्रामक रुख अपनाया और हिटमैन ने विंडीज के गेंदबाजों को निशाने पर लिया. इस दौरान उन्होंने लगातार 2 ओवर में एक-एक छक्का लगाया.
मगर इन दो छक्कों के बीच में ही रोहित शर्मा ने एक मौका भी दिया, जिसे वेस्टइंडीज के गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने गंवा दिया. छठे ओवर की पहली ही गेंद पर रोहित ने पुल शॉट जमाया और गेंद 6 रन के लिए जाती हुई दिख रही थी. मगर डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री पर लंबे कद के खिलाड़ी जोसेफ ने हाथ ऊंचाकर गेंद को रोक लिया. गेंद उनके हाथों में थी और वो आसानी से इसे कैच कर सकते थे. मगर उन्होंने ये सोचकर इसे जानबूझकर गिरा दिया कि कहीं वो खुद बाउंड्री के पार न चले जाएं.
फिर ऐसे आउट हुए रोहित शर्मा
रोहित उस वक्त सिर्फ 16 रन पर थे और इसका फायदा उठाते हुए हिटमैन ने 2 छक्के और लगाए. मगर फिर अल्जारी जोसेफ ने खुद पूर्व भारतीय कप्तान से हिसाब बराबर किया, वो भी एक जबरदस्त ओवर में. पारी के 12वें ओवर में अल्जारी ने शॉर्ट बॉल और लंबी गेंद की वेरिएशन के साथ उन्हें परेशान किया. रोहित ने 2 बार फ्लिक शॉट पर छक्का जमाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे.
लगातार 5 गेंदों पर कोई रन नहीं मिला और फिर आखिरी गेंद को रोहित ने कनेक्ट किया लेकिन इस बार गेंद में रफ्तार और शॉट में ज्यादा ताकत नहीं थी. आखिरकार रोहित डीप मिडविकेट पर कैच आउट हो गए. ये वनडे क्रिकेट की 7 पारियों में चौथा मौका था, जब अल्जारी जोसेफ ने रोहित को आउट किया. भारतीय ओपनर ने 35 गेंदों में 32 रन ही बनाए, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल थे.