स्मृति मंधाना ने महिला इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ा, सबसे ज्यादा शतक और सिक्स पर भी लिखा अपना नाम

हिला एशिया कप में खेल रही टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है. गुरुवार को उसने हॉन्ग कॉन्ग को 137 रनों से मात दी. इस महिला टी20 इंटरनेशनल में भारत ने टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना के विस्फोटक शतक की बदौलत 5 विकेट पर 193 रन बनाए थे.

इसके जवाब में हॉन्ग कॉन्ग की टीम सिर्फ 56 रनों पर सिमट गई. 64 बॉल पर 124 रन ठोकने वाली मंधाना को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इस पारी के दौरान उन्होंने 14 चौके और 7 छक्के भी जमाए.

महिला इंटरनेशनल में सर्वाधिक रन

मंधाना की यह पारी महिला क्रिकेट के कई वर्ल्ड रिकॉर्ड्स चकनाचूर कर गई. अब वह इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रनों से लेकर सबसे ज्यादा सिक्स के मामले में नंबर 1 बन चुकी हैं. 30 साल की मंधाना अब महिला इंटरनेशनल में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं. उन्होंने भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ा. मंधाना के नाम अब इंटरनेशनल क्रिकेट में 10880 रन हो गए हैं, जबकि मिताली ने अपने करियर में 10868 रन बनाए थे.

टॉप 2 में दो भारतीय

महिला इंटरनेशनल में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ियों में अब टॉप 2 पायदान पर भारतीय बल्लेबाजों के नाम दर्ज हैं. स्मृति और मिताली के बाद इस फेहरिस्त में न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (10740), इंग्लैंड की चार्लीट एडवर्ड्स (10273) और वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर (10007) रन दर्ज हैं.

सबसे ज्यादा शतक

महिला टी20I में स्मृति के बल्ले से निकला यह दूसरा शतक था और इंटरनेशलन क्रिकेट में उनके बल्ले से निकला यह कुल 18वां शतक था. उन्होंने वनडे में 14 और टेस्ट में भी 2 शतक अपने नाम किए हैं. सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतकों के मामले में भी वह पहले पायदान पर आ गई हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मैग लैनिंग (17 शतक) का रिकॉर्ड तोड़ दिया.

महिला टी20I में सर्वाधिक छक्के

स्मृति का बल्ला गुरुवार की रात दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आग उगल रहा था. उन्होंने अपनी इस पारी में 7 छक्के जमाए. इसकी बदौलत अब वह इस फॉर्मेट में 100 छक्के लगाने के करीब पहुंच गई हैं. अगर वह 5 छक्के और जमा देती हैं तो इस फॉर्मेट में 100 छक्के जमाने वाली दुनिया की पहली बल्लेबाज बनेंगी. इस बीच उन्होंने इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का का रिकॉर्ड पहले ही अपने नाम कर लिया है. उन्होंने यहां अपनी हमवतन भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को पछाड़ा, जिनके नाम अभी तक 89 छक्के दर्ज हैं.

महिला टी20 एशिया कप की सबसे बड़ी पारी

इस फॉर्मेट में खेली गई 124 रन की यह पारी अब महिला टी20 एशिया कप की सबसे बड़ी पारी भी बन गई है. इससे पहले यह टूर्नामेंट में यह रिकॉर्ड श्रीलंका की चमारी अट्टापट्टू के नाम था, जिन्होंने 119 रन बनाए थे.

Leave a Comment